धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले ने आज एक नया इतिहास रच दिया, जब पहली बार गंगरेल बांध की खूबसूरत जलधारा पर ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के तहत भव्य महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन ने न सिर्फ खेल प्रेमियों को रोमांचित किया, बल्कि जिले को पर्यटन के नक्शे पर भी मजबूती से स्थापित कर दिया। मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक आयोजित 1000 मीटर लंबी इस प्रतिस्पर्धा में प्रतिभागियों ने गति, संतुलन और टीम वर्क का बेहतरीन प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह, ऊर्जा और जनसहभागिता का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
52 टीमों ने दिखाई प्रतिभा
इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में धमतरी, कांकेर और बालोद जिलों की कुल 52 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक ओमकार साहू, महापौर रामू रोहरा और पूर्व विधायक रंजना साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र ठाकुर सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
महिला सहभागिता बनी आकर्षण का केंद्र
इस आयोजन की सबसे खास बात ग्रामीण अंचलों की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। ग्राम तिर्रा की चयन बाई, सुमन और दिनेश्वरी निधार ने पारंपरिक नाव से हिस्सा लेकर प्रतियोगिता में नया जोश भर दिया और महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया।
प्रतियोगिता के विजेता
प्रथम स्थान: रोमार निषाद तिरी एवं जीतु निषाद
द्वितीय स्थान: सत्वंत मंडावी एवं मिथलेश मंडावी
तृतीय स्थान: कोमल निषाद एवं महेश्वर कुरेटरी
विशेष पुरस्कार विजेता
श्रेष्ठ वेशभूषा: पवनबाई निषाद एवं देवनबती निषाद
श्रेष्ठ सजावट: रामनारायण नेताम एवं रिशीराम निषाद
पुरस्कार राशि
प्रथम: ₹1,00,000
द्वितीय: ₹50,000
तृतीय: ₹25,000
सजावट/वेशभूषा: ₹11,000
महिला प्रतिभागियों हेतु सांत्वना पुरस्कार: ₹15,000, ₹10,000 एवं ₹5,000
पर्यावरण और सुरक्षा पर भी जोर
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही मत्स्य विभाग द्वारा 8 मछुआ समितियों को आइस बॉक्स वितरित किए गए और जल सुरक्षा के लिए वॉटर एंबुलेंस की शुरुआत भी की गई।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने इस आयोजन को धमतरी जिले के लिए मील का पत्थर बताया। उनका मानना है कि ऐसे आयोजन न केवल एडवेंचर स्पोर्ट्स और पर्यटन को बढ़ावा देंगे, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को भी एक बड़ा मंच प्रदान करेंगे। ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ ने धमतरी को एक नई पहचान देते हुए इसे छत्तीसगढ़ के उभरते पर्यटन और जल क्रीड़ा केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मजबूत कदम साबित किया है।