कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया स्थित गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। सोनहत वन परिक्षेत्र के देवसील गांव की आगे बस्ती में हाथी ने सड़क निर्माण कार्य में लगे दो मजदूरों पर एक लोनर हमला कर दिया, जिसमें दोनों की मौत हो गई है।
सोते हुए मजदूरों पर अचानक हमला
जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूर दिनभर काम करने के बाद खाना खाकर सो रहे थे। मजदूरों ने जंगली जानवरों से बचाव के लिए आग भी जलाई हुई थी। इसी दौरान रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच अचानक एक अकेला हाथी वहां पहुंचा और सो रहे मजदूरों पर हमला कर दिया।
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने रास्ते में तोड़ा दम
इस दर्दनाक हमले में 22 वर्षीय गौरव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 35 वर्षीय अमर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए सोनहत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
परिवारों में मातम, ग्रामीणों में दहशत
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों के अनुसार इलाके में हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
घटना की सूचना मिलते ही गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के अधिकारी और वनकर्मी मौके पर पहुंचे। टीम ने पंचनामा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की और प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है।
जनकपुर रेंज में लोनर हाथी को लेकर अलर्ट
वन विभाग के अनुसार, जनकपुर रेंज में एक लोनर हाथी के विचरण की आशंका जताई गई है। रेंजर ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और जंगल क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही से बचने को कहा है।
वन विभाग की एडवाइजरी
सूर्यास्त के बाद और सूर्योदय से पहले जंगल में न जाएं
हाथी दिखने पर उसके पास न जाएं
फोटो/वीडियो बनाने के लिए न रुकें
हाथी को उकसाने या पीछा करने से बचें
किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें