भोपाल। राजधानी भोपाल में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विसर्जन प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने शहर के प्रमुख घाटों पर जरूरी व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं।
बैरागढ़, प्रेमपुरा, रानी कमलापति और खटलापुरा घाट सहित शाहपुरा, मालीखेड़ी और हथाईखेड़ा घाट पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए क्रेन और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके अलावा गोताखोरों, नावों और फायर ब्रिगेड के अमले को भी तैनात रखा जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
प्रशासन की ओर से घाटों पर रोशनी, साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी। विसर्जन का कार्य पूरा होने तक व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकें।