सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में साड़ी खरीदने के बहाने कपड़ा दुकान से चोरी का मामला सामने आया है। लटोरी चौकी क्षेत्र के करवां में हुई इस घटना में पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के बारां जिले की 10 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 36 हजार रुपये कीमत की साड़ियां बरामद की हैं।
दो कारों से कपड़ा दुकान पहुंचीं महिलाएं
जानकारी के मुताबिक, 17 अक्टूबर की शाम कुछ महिलाएं दो कारों से लटोरी-करवां मार्ग स्थित एक कपड़ा दुकान पर साड़ी खरीदने पहुंचीं। आरोप है कि महिलाओं ने खरीदारी के दौरान दुकानदार को व्यस्त रखा और उसकी नजरों से बचकर साड़ियां चोरी कर लीं। दुकान से जुड़े गोदाम में रखे साड़ियों के बंडल भी गायब पाए गए।
स्टॉक की जांच में सामने आई चोरी
महिलाओं के दुकान से चले जाने के बाद दुकानदार ने जब साड़ियों के स्टॉक का मिलान किया, तो कई साड़ियां कम मिलीं। जांच करने पर करीब 36 हजार रुपये की साड़ियों के गायब होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद दुकानदार ने लटोरी चौकी पुलिस को शिकायत दी।
बनारस रोड किनारे तंबू में रह रहे संदिग्धों से पूछताछ
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को बनारस रोड के किनारे तंबू लगाकर रह रहे कुछ महिला और पुरुषों के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों से पूछताछ की और मामले में कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया।
राजस्थान के बारां जिले के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 12 लोगों में राजस्थान के बारां जिले की 10 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई साड़ियां बरामद की गई हैं। बरामद साड़ियों की कीमत करीब 36 हजार रुपये बताई गई है।फिलहाल, मामला सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र के करवां का है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।