होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

धमतरी की बेटियों ने बढ़ाया छग का मान, जापान की अंतरराष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

धमतरी की बेटियों ने बढ़ाया छग का मान, जापान की अंतरराष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के लिए गर्व की बात है कि INSPIRE Award MANAK योजना के अंतर्गत जिले की दो छात्राओं का चयन जापान में आयोजित होने वाले Sakura Science High School Program के लिए हुआ है। दोनों छात्राएं अपने नवाचार आधारित विज्ञान मॉडल अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर भारत और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुईं दोनों छात्राएं

शासकीय माध्यमिक शाला देवरी की छात्रा कु. सुनैना तथा कुरूद विकासखंड के शासकीय माध्यमिक शाला कोसमर्रा की छात्रा कु. समीक्षा ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जापान में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी के लिए स्थान बनाया है। दोनों छात्राएं 25 जून को धमतरी से नई दिल्ली के लिए रवाना हुईं। जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी के अनुसार, वे 27 जून को नई दिल्ली से जापान के लिए प्रस्थान करेंगी। कार्यक्रम में भाग लेने के बाद उनका भारत लौटने का कार्यक्रम 4 जुलाई निर्धारित है।

सुनैना का मॉडल अनाज की बर्बादी रोकने में करेगा मदद

देवरी की छात्रा कु. सुनैना ने ऐसा अभिनव मॉडल तैयार किया है, जिसमें अनाज की बोरियों की सुरक्षा और उनकी आयु बढ़ाने के लिए विशेष हुक युक्त नाड़ीनुमा रस्सी का उपयोग किया गया है। यह मॉडल अनाज की बर्बादी को कम करने और भंडारण व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने में उपयोगी साबित हो सकता है।

समीक्षा का मॉडल अपने आप बंद करेगा पानी का नल

कोसमर्रा की छात्रा कु. समीक्षा ने जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ऐसा विज्ञान मॉडल विकसित किया है, जिसमें पात्र भर जाने पर पानी का नल स्वतः बंद हो जाता है। यह तकनीक पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने के साथ-साथ जल संरक्षण के लिए प्रभावी समाधान प्रस्तुत करती है।

जिले में खुशी का माहौल

दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, जिला नोडल अधिकारी INSPIRE Award देवेश सूर्यवंशी तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुरूद सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

देश के लिए गौरव का अवसर

धमतरी की इन दोनों छात्राओं का अंतरराष्ट्रीय विज्ञान मंच पर चयन यह दर्शाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा और नवाचार के दम पर वैश्विक स्तर पर पहचान बना सकते हैं। यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।


संबंधित समाचार