होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Sidhi News: सीधी में जानलेवा झोलाछाप डॉक्टर, महिला को सुलाया मौत की नींद

Sidhi News: सीधी में जानलेवा झोलाछाप डॉक्टर, महिला को सुलाया मौत की नींद

जनार्दन तिवारी, सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक बड़ी खौफनाक और स्वास्थ्य महकमे को हिला देने वाली खबर सामने आ रही है। जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बरमबाबा में एक कथित झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज और लापरवाही के कारण एक ग्रामीण महिला की तड़प-तड़प कर मौत हो गई है।

गलत उपचार का आरोप

मृत महिला को अचानक उल्टी, दस्त और भारी कमजोरी की शिकायत हुई थी। घबराए परिजन उसे लेकर गांव में ही अवैध रूप से क्लिनिक चला रहे एक झोलाछाप डॉक्टर के पास पहुंचे। पीड़ित बेटे का सीधा आरोप है कि झोलाछाप डाक्टर ने बिना किसी डिग्री या जांच के महिला को हैवी डोज और गलत दवाइयां दे दीं।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

गलत इलाज के कारण महिला की हालत सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ती चली गई। जब हालत बेकाबू हो गई, तो परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सीधी जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा मृत महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम पूरा होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।

जांच का आश्वासन

पूरे मामले में सीधी जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का कहना है कि मामले की जांच के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। दोषी झोलाछाप डॉक्टर को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उसकी क्लिनिक को सील कर उसे जेल भेजा जाएगा।

जिले में झोलाछापों की बाढ़ 

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सीधी जिले के ग्रामीण अंचलों में इन दिनों फर्जी और बिना डिग्री वाले झोलाछाप डॉक्टरों की बाढ़ आई हुई है। जमोड़ी, बरमबाबा सहित कई इलाकों में रोजाना लोगों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। लगातार हो रही मौतों और लिखित शिकायतों के बावजूद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का मौन रहना एक बड़ा दाग साबित हो रहा है। जमोड़ी थाना पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


संबंधित समाचार