राजेश सोनी, डबरा : नवग्रह शक्तिपीठ के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर आज से प्रसिद्ध कवि और वक्ता कुमार विश्वास की तीन दिवसीय राम कथा का शुभारंभ हुआ। यह कथा 14 फरवरी से 16 फरवरी तक चलेगी। इससे पहले 11 से 13 फरवरी तक अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को कथा श्रवण कराया। वहीं 17 से 20 फरवरी तक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा हनुमान कथा का आयोजन किया जाएगा।
ये नेता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया।
क्या बोले कुमार विश्वास?
राम कथा के पहले दिन कुमार विश्वास ने नवग्रहों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब भी जीवन में ग्रहों की स्थिति प्रतिकूल हो तो डबरा आकर अपने ग्रह के समक्ष प्रार्थना करें, सब कुछ शुभ हो जाएगा। उन्होंने शनि देव को धैर्य, कर्म और तप का प्रतीक बताते हुए कहा कि जीवन में कठिन समय धैर्य और तपस्या से ही पार किया जा सकता है।
किया कथा सुनने का आह्वान
अपने विशिष्ट अंदाज में उन्होंने समसामयिक विषयों पर भी टिप्पणी की और राम कथा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सच्चा पुरुषार्थ राम के जीवन से सीखने में है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को राम की कथा सुनाने का आह्वान किया। नवग्रह शक्तिपीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।