नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कथित NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर 'कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)' का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पुलिस द्वारा देर रात जंतर-मंतर से मंच और टेंट हटाए जाने के बावजूद बुधवार सुबह प्रदर्शनकारी दोबारा धरना स्थल पर पहुंच गए और बारिश के बीच भी नारेबाजी जारी रखी। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।
CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियां दिल्ली पहुंचीं
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियां दिल्ली भेजी हैं। जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, संसद क्षेत्र और अन्य संवेदनशील इलाकों में दिल्ली पुलिस, RAF और केंद्रीय सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
रेलवे स्टेशनों पर हाई अलर्ट
दिल्ली में जारी आंदोलन के मद्देनजर राजधानी के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन और दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के राजधानी पहुंचने की आशंका को देखते हुए पुलिस और रेलवे प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
हाई कोर्ट में आज होगी सुनवाई
दिल्ली हाई कोर्ट में आज एक जनहित याचिका पर सुनवाई प्रस्तावित है, जिसमें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान छात्रों और अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। याचिका में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकार की सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की गई है।
विपक्ष करेगा प्रदर्शन
संसद के मकर द्वार के बाहर विपक्षी सांसद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगे। विपक्ष का आरोप है कि NEET परीक्षा से जुड़े मामलों और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर सरकार जवाब देने से बच रही है।
राहुल गांधी हिरासत के बाद रिहा
प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बाद में रिहा कर दिया गया। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।
10 FIR दर्ज, जांच जारी
दिल्ली पुलिस के अनुसार CJP के प्रदर्शन से जुड़े विभिन्न मामलों में अब तक 10 FIR दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें संसद मार्ग, कनॉट प्लेस, मंदिर मार्ग, बाराखंबा रोड और कर्तव्य पथ थाना क्षेत्रों के मामले शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की जांच जारी है।
CJP की चेतावनी
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका ने कहा कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और व्यापक होगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में लोग दिल्ली पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।
ममता बनर्जी ने जताया समर्थन
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि युवाओं के खिलाफ बल प्रयोग उचित नहीं है। उन्होंने विपक्ष के आंदोलन का समर्थन भी जताया।