रायपुर: स्वतंत्रता दिवस 2026 को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने राज्यभर की वक्फ संस्थाओं के लिए विशेष अपील जारी की है। बोर्ड ने 15 अगस्त को मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति, एकता और भाईचारे की भावना के साथ मनाने का आह्वान किया है।
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में सभी संबंधित संस्थाओं के पदाधिकारियों से पहले जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए राष्ट्रीय पर्व में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सभी वक्फ संस्थाओं में ध्वजारोहण की अपील
वक्फ बोर्ड ने कहा है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य की सभी संबंधित वक्फ संस्थाओं में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। बोर्ड ने संस्थाओं के पदाधिकारियों से 15 अगस्त को कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है। बोर्ड के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस देश के लिए गौरव का अवसर है और इसे समाज में राष्ट्रीय एकता एवं आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से मनाया जाना चाहिए।
पहले जारी दिशा-निर्देश रहेंगे लागू
राज्य वक्फ बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर कार्यालय की ओर से पहले जारी किए गए दिशा-निर्देशों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सभी वक्फ संस्थाओं से इन्हीं निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित करने और राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की गई है।
‘गंगा-जमुनी तहजीब को मजबूत करना हमारा दायित्व’
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा कि भारत की पहचान विविधता में एकता और सामाजिक सौहार्द की परंपरा से रही है। उन्होंने कहा कि देश में अलग-अलग धर्म, पंथ और समुदाय के लोग लंबे समय से मिल-जुलकर रहते आए हैं। उन्होंने गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। उनके मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण देश के प्रति सम्मान और संविधान के प्रति जिम्मेदारी की भावना को व्यक्त करने का एक माध्यम है।
देश और संविधान के सम्मान का दिया संदेश
डॉ. सलीम राज ने कहा कि मुस्लिम समाज भी देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना में विश्वास रखता है तथा संविधान का सम्मान करता है। उन्होंने सभी लोगों से स्वतंत्रता दिवस को मिल-जुलकर मनाने और समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व लोगों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाने का अवसर भी देता है।
15 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व में सहभागिता की अपील
छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने राज्यभर की सभी वक्फ संस्थाओं से 15 अगस्त 2026 को तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। बोर्ड का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सभी नागरिकों के लिए देश के प्रति सम्मान, एकता और एकजुटता प्रदर्शित करने का अवसर है।