बेमेतरा। साजा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानों की शिक्षिका प्रतीक जैन ने अपने दिवंगत पिता स्व. मोती चंद संचेती की स्मृति को समाजसेवा से जोड़ते हुए एक प्रेरणादायक पहल की है। पिता के जन्मदिवस पर उन्होंने विद्यालय के माध्यमिक विभाग के 98 विद्यार्थियों को टाई और बेल्ट उपहार स्वरूप वितरित किए। उनकी इस पहल की विद्यालय परिवार, ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने जमकर सराहना की।
पिता की स्मृति में लगातार कर रही हैं सामाजिक पहल
स्व. मोती चंद संचेती बालोद जिले के डौंडी लोहारा के प्रतिष्ठित व्यापारी और समाजसेवी थे। उनके निधन के बाद शिक्षिका प्रतीक जैन ने उनकी स्मृति को जीवित रखने के लिए शिक्षा और समाजसेवा का मार्ग चुना। वे समय-समय पर जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता कर उन्हें शिक्षा से जोड़ने का कार्य कर रही हैं।
विद्यार्थियों को पहले भी दे चुकी हैं शैक्षणिक सामग्री
यह पहली पहल नहीं है। इससे पहले भी शिक्षिका ने विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, स्लेट, पहाड़ा, पानी की बोतल सहित कई आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई है। समुदाय के सहयोग से अनेक जरूरतमंद बच्चों को जूते, मोजे, टाई, बेल्ट और अन्य स्कूल सामग्री भी उपलब्ध कराई जा चुकी है।
6 विद्यार्थियों की पढ़ाई का उठाया पूरा जिम्मा
प्रतीक जैन की सबसे प्रेरक पहल उन छह विद्यार्थियों के लिए है, जिनकी शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी उन्होंने स्वयं उठाई है। केसर, देवपीका, निलेश, चंचल, जागृति और केसरी की कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई का खर्च वहन करने के साथ-साथ वे हर शैक्षणिक सत्र में उन्हें आवश्यक अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराती हैं। उनका उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो।
विद्यालय परिवार ने की सराहना
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी प्राचार्य द्वारिका राम वर्मा, प्राथमिक प्रधान पाठक उत्तम साहू, कनकलता सरसुधे, अवध राम वर्मा, दीनदयाल वर्मा, प्रज्ञा जैन, अमृतलाल गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षिका की इस सामाजिक पहल को अनुकरणीय बताया।
समाज के लिए बनी प्रेरणा
शिक्षिका प्रतीक जैन का यह प्रयास दर्शाता है कि शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का भी माध्यम है। जरूरतमंद विद्यार्थियों के प्रति उनका समर्पण अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहा है।