होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
जरा हटके
सेहत
अध्यात्म
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Exclusive Interview : मोदी के नाम, काम और मोदी की गारंटी, उससे भरोसा है कि जीतेंगे छग की सभी 11 सीटें,सीएम साय का एक्सक्लूसिव इंटरव्यू डॉ हिमांशु द्विवेदी के साथ...

Exclusive Interview : मोदी के नाम, काम और मोदी की गारंटी, उससे भरोसा है कि जीतेंगे छग की सभी 11 सीटें,सीएम साय का एक्सक्लूसिव इंटरव्यू डॉ हिमांशु द्विवेदी के साथ...

रायपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दस साल के कार्यकाल में जो काम किए हैं, मोदी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उसी के साथ हमारी सरकार ने सौ दिनों में जिस तरह से मोदी की गारंटी को पूरा करने का काम किया, उससे भरोसा है कि प्रदेश की जनता इस बार भाजपा को 11 की 11 सीटों पर आशीर्वाद देकर जीत दिलाने का काम करेगी। हरिभूमि और आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी से चुनावी संवाद में हुई बातचीत के अंश प्रस्तुत हैं।


सामने वाले को कमजोर नहीं मान रहे हैं। लाेग जब मोदी जी और भाजपा के पक्ष में विश्वास दिखाते हैं तो सारा तनाव और थकान मिट जाती है  

कांग्रेस की बड़ी दुर्गति है, कांग्रेस ने जनता का विश्वास खोया है। सरकार में आने से पहले कांग्रेस ने जो 36 वादे किए थे, वो पूरे ही नहीं किए 


सवाल: लोकसभा चुनाव में क्या लग रहा है? 


जवाब: वातावरण बहुत अच्छा दिख रहा है, मोदी जी की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है। उनको तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की बात है, सभी लोग उत्साहित हैं। हम अभी तक 45 से ज्यादा विधानसभाओं में चुनावी सभाएं कर चुके हैं। मोदी जी के दस साल के कामों का असर जनता में है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने सौ दिनों में मोदी की गारंटी को पूरा करने का भी काम किया है, इसका भी असर दिख रहा है। दूसरे चरण के चुनाव में भी अच्छा मतदान हुआ है। भाजपा के प्रति अच्छा रूझान लोगों का है। 


सवाल: पहली बार है जब मुख्यमंत्री के तौर पर चुनाव लड़वा रहे हैं, कितने दबाव में हैं आप? 


जवाब: हमारे लिए पहला अवसर है, मुख्यमंत्री के नाते चुनाव प्रचार करना है। 11 लोकसभा हैं, 90 विधानसभा हैं, लोगों का रूझान भाजपा और मोदी जी के पक्ष में है। लोगों से मिलकर अच्छा लग रहा है। तनाव थाेड़ा तो रहता है, चुनाव को चुनाव की दृष्टि से ले रहे हैं। सामने वाले को कमजोर नहीं मान रहे हैं। लाेग जब मोदी जी और भाजपा के पक्ष में विश्वास दिखाते हैं तो सारा तनाव और थकान मिट जाती है। 


सवाल: बड़े लक्ष्य ले लिए हैं, चार सौ पार, छत्तीसगढ़ में सभी 11 सीटें जीतने का? 


जवाब: देखिए 2014 में अकेले भाजपा को 282 सीटें मिली थीं। 2019 में जनता ने मोदी जी के काम को देखते हुए 303 सीटें भाजपा को दी थीं। जनता मोदी जी के दस साल के कामों को देख रही है। मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 काे समाप्त किया है। पार्टी का लक्ष्य है अकेले भाजपा 370 से ज्यादा सीट जीतने और एनडीए 400 पार करेगी। जहां तक छत्तीसगढ़ का सवाल है हमें भरोसा  8शेष पेज 4 पर

उनसे सीधी बात...
 है कि यहां भी भाजपा सभी सीटें जीतेगी। पिछले विधानसभा चुनाव में सरकार से आऊट होने के बाद 11 में से 9 सीटें जीती थीं, इस बार पूरी सीटें जीतेंगे। हमारी सरकार ने तीन माह में जो काम किया है, इसी के साथ कांग्रेस में जिस तरह का बिखराव है, उससे भरोसा है कि जनता भाजपा को सभी सीटों पर आशीर्वाद देगी। 


सवाल:कांग्रेस ने बड़े-बड़े दिग्गज मैदान में उतारे हैं, भाजपा ने अपने सासंदों की टिकट काट दी, क्या कहते हैं? 


जवाब: कांग्रेस की बड़ी दुर्गति है, कांग्रेस ने जनता का विश्वास खोया है। सरकार में आने से पहले कांग्रेस ने जो 36 वादे किए थे, वो पूरे ही नहीं किए। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। लोकसभा के चुनाव में प्रत्याशी नहीं मिल रहे थे, इसलिए इन नेताओं काे मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस में इस समय बहुत ज्यादा बिखराव है, कुछ ही समय में 25 हजार से ज्यादा कांग्रेसी भाजपा में आए हैं। 


सवाल:पुराने कार्यकर्ता सवाल नहीं करते हैं कि क्यों कांग्रेसियों को भाजपा में शामिल किया जा रहा है? 


जवाब: हमारे कार्यकर्ता ऐसे नहीं हैं। जो प्रवेश कर रहे हैं, उनसे हमारे कार्यकर्ता घुल मिल जाते हैं। जो आ रहे हैं, वाे देश की सेवा करने और मोदी जी के कामों से प्रभावित होकर ही आ रहे हैं। आने वाले समय में इनका भी काम दिखेगा। 


सवाल:राजनांदगांव से भूपेश बघेल के मैदान में रहने से कितनी परेशानी हुई? 


जवाब: कोई परेशानी नहीं हुई है। हम तो कहते हैं कि कांग्रेस ने भूपेश बघेल को मैदान में उतारकर हमारे युद्ध को और आसान कर दिया। भूपेश बघेल से अपने पांच साल के कार्यकाल में जनता का भरोसा खोने का ही काम किया है। उन्हाेंने पूरे छत्तीसगढ़ को अपराध का गढ़ बनाने के साथ भ्रष्टाचार का भी गढ़ बनाने का काम किया। घोटाले भी लगातार हुए हैं। इसकी वजह से कई अधिकारी भी जेल में हैं। अपराध का सरगना अगर आज राजनांदगांव से चुनाव मैदान में है तो इससे हमें चुनाव में आसानी ही हुई है।  


सवाल:भूपेश बघेल दुर्ग और रायपुर से क्यों नहीं लड़े, आपको क्या लगता है? 


जवाब: उनकाे अपना गृह नगर सुरक्षित नहीं लगा होगा। भाजपा के सांसद विजय बघेल पिछला चुनाव चार लाख से ज्यादा मतों से जीते थे, इसलिए उनको हार का खतरा रहा होगा। इस बार भी विजय बघेल रिकार्ड मतों से जीतेंगे। 


सवाल:भूपेश बघेल का भविष्य क्या लगता है? 


जवाब: पूरे देश में जिस तरह के कांग्रेस पार्टी जनता का विश्वास खो चुकी है। भूपेश बघेल ने जिस तरह से छत्तीसगढ़ की जनता के साथ अपने शासनकाल में धोखा किया है, उससे इनका भविष्य अच्छा नहीं लगता है। 


सवाल:बस्तर की सीट पिछली बार हार गए थे, इस बार क्या लग रहा है? 


जवाब: इस बार विश्वास है बस्तर की सीट हम जीत रहे हैं। दीपक बैज को कांग्रेस ने तो टिकट देने की भी हिम्मत नहीं की है। दीपक बैज को विधानसभा में हमारे एक छोटे कार्यकर्ता मंडल अध्यक्ष ने हरा दिया था। 


सवाल:जब सब कुछ अच्छा चल रहा है तो फिर इतने दौरे करने की जरूरत क्यों है? 


जवाब: वातावरण भाजपा के पक्ष में है, यह बात ठीक है, पर विपक्ष को कभी कमजोर मानकर नहीं चलना चाहिए। हम लोग को विश्वास है लेकिन अतिविश्वास में नहीं है। जहां तक कोरबा की बात है यहां से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय हमारी प्रत्याशी हैं। इनको बड़ा अनुभव है। सामने कांग्रेस की प्रत्याशी ज्योतना महंत हैं, पांच साल सांसद रही हैं, इन पर निष्कि्रयता का आरोप है। इनको क्षेत्र में लोग पहचानते तक नहीं हैं। इसका लाभ भी भाजपा को मिल रहा है। इस बार कोरबा का चुनाव हमारे लिए आसान है। 


सवाल:आपकी सरकार के कामों से चुनाव में कितनी मदद मिलेगी? 


जवाब: मोदी जी का आशीर्वाद तो है ही, लेकिन हमारी सरकार ने मोदी की गारंटी के जो वादे चाहे वो प्रधानमंत्री आवास की बात हो, किसानों को दो साल बोनस देने की बात हो, किसानों से 31 सौ रुपए में 21 क्विंटल धान खरीदी की बात हो, महतारी वंदन योजना में विवाहित महिलाओं को दो माह की किश्त दे चुके हैं। पीएससी घोटाले की सीबीआई जांच की बात हो। हमारी सरकार ने मोदी की गारंटी को पूरा करने का जो काम किया है। इसका लाभ भी लोकसभा चुनाव में मिलेगा। 


सवाल:आपको सरल और सहज कहा जाता है, सवाल यह कि साय की सरकार सरलता से चल रही है या अफसरों से चल रही है? 


जवाब: स्वभाव से हम जरूर विनम्र है लेकिन जहां जनहित और प्रदेश की बात आएगी तो कठोर से कठोर निर्णय लेने में भी परहेज नहीं होगा।  


सवाल:साय अधिकारियों के मुताबिक काम कर रहे हैं या अधिकारी आपके मुताबिक काम कर रहे हैं? 


जवाब: हमारे अनुसार अधिकारी काम कर रहे हैं। हमको भी 30 साल का अनुभव है, चार बार सांसद रहे हैं, दो बार विधायक रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। मोदी जी के शासन में राज्यमंत्री के रूप में भी कम कर चुके हैं। हमको लंबा अनुभव है। हम अपने हिसाब से जनहित में जो अच्छा लगता है, काम करते हैं। 


सवाल:भूपेश बघेल और विष्णुदेव साय के काम को लेकर अधिकारी क्या अंतर बताते हैं? 


जवाब: भाजपा और कांग्रेस के कामकाज के तरीके में बहुत अंतर है। उनकी जैसी संस्कृति हम लोग नहीं ला सकते हैं। जनहित में कठोर निर्णय लेने की भी क्षमता हम लोगों में है। 


सवाल:आप कहते हैं काम सांय-सांय हो रहा है, भूपेश बघेल कहते हैं सट्टा सांय-सांय चल रहा है? 


जवाब: कांग्रेस के लोग झूठ बोलने में बहुत माहिर हैं। आज महादेव सट्टा एप का आरोप किस पर है, किस पर एफआईआर है। आज भूपेश बघेल पर 508 करोड़ रुपए लेने का आरोप है। 


सवाल:रायगढ़ लोकसभा को लेकर क्या कहते हैं, नया चेहरा है वहां? 


जवाब: चेहरा नया है, राधेश्याम राठिया ने सरपंच से काम शुरू किया था। जनपद अध्यक्ष भी रहे। संगठन में भी रहे। उनको लंबा जनसेवा करने का अनुभव है। पूरे क्षेत्र में उनकी पहचान है। बहुत सरल और मिलनसार हैं। सब उनको चाहते हैं। रायगढ़ से मैं चार बार सांसद रहा हूं। जनता का हमेशा भाजपा के साथ रहा है। इस बार भी जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिलेगा। 


सवाल:दूसरे राज्यों में भी जा रहे हैं चुनाव प्रचार क्या अनुभव रहा है? 


जवाब: पार्टी के आदेश पर दूसरे राज्यों में जा रहे हैं। मप्र तीन बार जा चुके हैं। झारखंड, तेलंगाना जा चुके हैं। आगे और भी राज्यों में जाना होगा। जहां भी गए हैं, वहां भाजपा के पक्ष में अच्छा वातावरण है।  


सवाल:जिंदगी कितनी बदल गई मुख्यमंत्री बनने के बाद आपकी? 


जवाब: हम तीस साल से विधायक और सांसद के रूप में काम कर रहे हैं। उस समय कार्यक्षेत्र छोटा रहने के कारण क्षेत्र के लोगों के बीच रहते थे, अब मुख्यमंत्री होने के नाते पूरे प्रदेश के लोगों के बीच रहते हैं। एक आदत हो गई है लोगों के बीच में रहने की। परिवार के लाेगों से अब मिलना-जुलना कम हो गया है। 


सवाल:आप अपना मोबाइल हमेशा अपने पास रखते हैं, क्या स्टाफ ठीक नहीं मिला है? 


जवाब: प्रदेश के लाेगों और हमारे कार्यकर्ताओं में विश्वास है मैं अगर फोन नहीं उठा पाऊंगा ताे देर सवेर काल बैक जरूर करूंगा। आज भी हमारे क्षेत्र के लोग मुझे मुख्यमंत्री नहीं अपना साथी मानते हैं। आज भी कहीं ट्रांसफार्मर फेल हो जाता है, कहीं हेंड पंप खराब हो जाता है तो मेरे पास फाेन आता है। मैं फोन उठाता भी हूं। आज भी मेरे पास बीएसएनएल का बरसों पुराना नंबर है जो सबके पास है।


संबंधित समाचार