होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

बिहार बंद में बवाल: कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन, पटना में लाठीचार्ज तो छपरा में पुलिस पर पथराव

बिहार बंद में बवाल: कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन, पटना में लाठीचार्ज तो छपरा में पुलिस पर पथराव

पटना। कथित NEET पेपर लीक मामले को लेकर बिहार में बुधवार को छात्र संगठनों और कई राजनीतिक दलों के समर्थन से बुलाए गए बिहार बंद का व्यापक असर देखने को मिला। राजधानी पटना समेत छपरा, सिवान, गया, समस्तीपुर, सहरसा, नवादा और आरा सहित कई जिलों में प्रदर्शन, सड़क जाम, नारेबाजी और प्रशासन के साथ टकराव की घटनाएं सामने आईं। कई स्थानों पर हालात बिगड़ने के बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जबकि कुछ इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने पथराव भी किया।

पटना में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव

राजधानी पटना के गांधी मैदान, जेपी गोलंबर और रामगुलाम चौक के आसपास बड़ी संख्या में छात्र और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता एकत्र हुए। पुलिस ने आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर कुछ स्थानों पर बल प्रयोग किया गया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया। पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

तेज प्रताप यादव भी आंदोलन में हुए शामिल

बिहार बंद को राजद नेता तेज प्रताप यादव का भी समर्थन मिला। वे गांधी मैदान पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के बीच शामिल होकर आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर छात्रों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

छपरा में पथराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

छपरा के थाना चौक पर प्रदर्शन के दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प के बाद पुलिस पर पथराव किया गया। इसके जवाब में पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया।

सिवान, गया, समस्तीपुर और आरा में भी विरोध प्रदर्शन

सिवान में कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की, जबकि गया में छात्रों ने NEET पेपर लीक के विरोध में रैली निकाली। समस्तीपुर के पटेल गोलंबर पर सड़क जाम कर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई गई। भोजपुर जिले के आरा में AISA और RYA के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान आगजनी कर विरोध जताया।

नवादा में हाई अलर्ट, 1700 पुलिसकर्मी तैनात

नवादा में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। करीब 40 संवेदनशील स्थानों पर लगभग 1700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे शहर की निगरानी की गई। अधिकारियों के अनुसार बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही मजबूत कर दी गई थी।

भीम आर्मी ने सरकार पर साधा निशाना

नवादा में भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया कि छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था रही सख्त

बिहार बंद के मद्देनजर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सरकारी कार्यालयों, जिला मुख्यालयों और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।


संबंधित समाचार