हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। उदयपुर थाना क्षेत्र के कढ़ूनाला इलाके में सीमा सड़क संगठन (BRO) की सड़क पर अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरककर नीचे आ गिरा। उसी दौरान वहां से गुजर रही एक टाटा सूमो टैक्सी विशाल चट्टानों की चपेट में आ गई। हादसे में वाहन में सवार 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुल्लू से पांगी जा रही थी टैक्सी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाटा सूमो (HP-01M-2210) कुल्लू से चंबा जिले के पांगी क्षेत्र की ओर जा रही थी। वाहन में चालक बीर सिंह समेत कुल 15 लोग सवार थे। राहौली के पास कढ़ूनाला क्षेत्र में अचानक पहाड़ी से भारी चट्टानें टूटकर सड़क पर गिर गईं और सीधे टैक्सी पर आ गिरीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मौके पर चला राहत और बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहचान पूरी होने के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
पांगी क्षेत्र के रहने वाले थे अधिकांश मृतक
लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना चंबा जिले के पांगी और लाहौल-स्पीति की सीमा के निकट हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग चंबा जिले के पांगी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल तिंदी पुलिस चौकी और उदयपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मानसून में बढ़ रहे हैं भूस्खलन के मामले
राज्य में मानसून के सक्रिय होने के बाद भूस्खलन और सड़क हादसों की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इस ताजा दुर्घटना के बाद मानसून से जुड़े हादसों में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 88 हो गया है। मौसम विभाग ने 27 से 29 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।