होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

भैरूंदा में CM मोहन यादव और शिवराज सिंह चौहान का प्रस्तावित दौरा, तैयारियों का अधिकारियों ने लिया जायजा...

भैरूंदा में CM मोहन यादव और शिवराज सिंह चौहान का प्रस्तावित दौरा, तैयारियों का अधिकारियों ने लिया जायजा...

सीहोर: मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के भैरूंदा में 10 मई को आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कलेक्टर बालागुरू के. और केंद्रीय कृषि मंत्री के निज सचिव प्रवीण सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगमन और निर्गमन मार्ग, पेयजल व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात नियंत्रण, फायर ब्रिगेड, बैठक व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनिता रावत ने पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक रमाकांत भार्गव, एसडीएम सुधीर कुशवाह, तहसीलदार सौरभ शर्मा, जनपद सीईओ संजय अग्रवाल सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

पीएमजीएसवाई-IV के तहत बनेंगी 963 सड़कें

10 मई को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) के नए चरण का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत मध्यप्रदेश में 1763 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से प्रदेश की 987 बसाहटों को सीधा लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि सीहोर जिले में 165 करोड़ रुपये की लागत से 209 किलोमीटर लंबी 81 सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे जिले की 84 बसाहटों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा।

पीएमजनमन योजना के तहत भी मिलेगी बड़ी सौगात

कार्यक्रम के दौरान पीएमजनमन योजना के अंतर्गत भी 261 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी जाएगी। इस योजना के तहत 384 किलोमीटर लंबी 168 सड़कों का निर्माण होगा, जिससे प्रदेश की 168 बसाहटों को लाभ पहुंचेगा। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।


संबंधित समाचार