संजय यादव- कवर्धा/भंडारा। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। पिकअप वाहन और ट्रक की जोरदार टक्कर में तीन मासूम बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में छत्तीसगढ़ के लोगों के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें कवर्धा जिले के कुछ लोगों के नाम भी बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ में भी शोक की लहर दौड़ गई। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
आधी रात को पिकअप और ट्रक में हुई जोरदार टक्कर
जानकारी के मुताबिक, हादसा महाराष्ट्र के भंडारा जिले की लखनी तहसील में पिंपलगांव रोड स्थित भाऊ ढाबा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में सवार लोग पोला उत्सव में शामिल होने के लिए नागपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पिकअप की एक ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कवर्धा जिले के लोगों की भी मौत
हादसे में छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के लोगों के भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में बांधटोला निवासी गणेशिया अरावत पटेल (22) और लोहारा निवासी सरिता विजय वर्मा (30) के नाम सामने आए हैं। इसके अलावा लोहारा क्षेत्र की मीनाक्षी राजकुमार वर्मा और खैरागढ़ क्षेत्र के चिचोला निवासी तीन लोगों की भी हादसे में मौत की जानकारी सामने आई है। मृतकों और घायलों की पहचान को लेकर संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।
डिप्टी CM विजय शर्मा ने जताया गहरा दुख
भंडारा हादसे की जानकारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।विजय शर्मा ने संबंधित लोगों से दूरभाष पर चर्चा कर हादसे की जानकारी ली। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और जरूरत के मुताबिक हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने कहा कि यह हादसा बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
हादसे के बाद परिजनों में मातम
भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आने के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। खासकर छत्तीसगढ़ के जिन परिवारों के सदस्य हादसे का शिकार हुए हैं, उनके बीच शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार और मृतकों से जुड़ी औपचारिकताओं को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।