बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में नेशनल हाईवे-343 पर टमाटर से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद सड़क पर टमाटर बिखर गए, जिन्हें उठाने के लिए मौके पर मौजूद ग्रामीणों के बीच होड़ मच गई। घटना बलरामपुर कोतवाली क्षेत्र के अधौरा गांव के पास की बताई जा रही है।
अंबिकापुर से झारखंड जा रही थी पिकअप
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन अंबिकापुर से टमाटर लेकर झारखंड की ओर जा रहा था। इसी दौरान नेशनल हाईवे-343 पर अधौरा गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद वाहन में लदे टमाटर सड़क पर बिखर गए। टमाटर बिखरे देख आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उन्हें समेटने लगे।
हादसे के बाद चालक के फरार होने की जानकारी
घटना के बाद पिकअप चालक के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने की वजह क्या थी और चालक मौके से क्यों चला गया, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल, घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।