जशपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए किसान मोर्चा के जिला प्रभारियों की नियुक्ति की है। इसी क्रम में सरगुजा जिले के बतौली निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक कुमार गुप्ता को भाजपा किसान मोर्चा, जशपुर जिला प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति की घोषणा के बाद क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। भाजपा प्रदेश नेतृत्व की सहमति से पूरे छत्तीसगढ़ में किसान मोर्चा के जिला प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहते हुए विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने वाले अशोक कुमार गुप्ता को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। जशपुर जिले में किसान मोर्चा के संगठनात्मक कार्यों को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से उन्हें जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, इज़ी सोमनाथ सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है।
संगठन के प्रति जताया आभार
नई जिम्मेदारी मिलने पर अशोक कुमार गुप्ता ने भाजपा संगठन और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनका लाभ किसानों तक पहुंच रहा है और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा के जिला प्रभारी के रूप में उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ करेंगे। साथ ही उन्होंने किसान हितैषी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल
अशोक कुमार गुप्ता की नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों ने खुशी जाहिर की है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रियता का लाभ जशपुर जिले में किसान मोर्चा को मिलेगा तथा संगठन को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।