होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Amit Shah CG Visit: रायपुर और बस्तर में अमित शाह के कई बड़े कार्यक्रम, 3 दिन छत्तीसगढ़ में रहेंगे गृहमंत्री...

Amit Shah CG Visit: रायपुर और बस्तर में अमित शाह के कई बड़े कार्यक्रम, 3 दिन छत्तीसगढ़ में रहेंगे गृहमंत्री...

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah रविवार देर शाम तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। इस दौरान वे राजधानी रायपुर और बस्तर संभाग में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। गृहमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जारी कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह 17 मई की रात करीब 8:30 बजे रायपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे नवा रायपुर स्थित होटल जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।

रायपुर में डायल-112 सेवा को दिखाएंगे हरी झंडी

18 मई की सुबह केंद्रीय गृहमंत्री रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे राज्य की डायल-112 सेवा में शामिल नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम को राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जगदलपुर में करेंगे जनसुविधा केंद्र का उद्घाटन

रायपुर कार्यक्रम के बाद अमित शाह दोपहर में जगदलपुर रवाना होंगे। बस्तर पहुंचने के बाद वे नेतानार में जनसुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा वे सेवा सेतु केंद्र, बैंक सखी केंद्र और महिला स्व सहायता समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों का भी निरीक्षण करेंगे। शाम को जगदलपुर में आयोजित पुलिस विभाग के लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी गृहमंत्री शामिल होंगे। दौरे के दौरान वे बस्तर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।

मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे चार राज्यों के मुख्यमंत्री

19 मई को जगदलपुर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक में अमित शाह अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में चार राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होने वाले हैं। बैठक में आंतरिक सुरक्षा, सीमा विवाद, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास और राज्यों के बीच समन्वय जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक के बाद गृहमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित है। इसके बाद वे दोपहर करीब 3:40 बजे जगदलपुर से दिल्ली रवाना होंगे।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, तैयारियों में जुटा प्रशासन

गृहमंत्री के दौरे को देखते हुए रायपुर और जगदलपुर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम Vijay Sharma ने बस्तर के नेतानार स्थित शहीद गुण्डाधुर सेवा डेरा पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।


संबंधित समाचार