भोपाल : मध्य प्रदेश में प्री मानसून की एंट्री के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। तापमान में गिरावट होने के चलते भले ही लोगों को गर्मी से राहत मिल गई है। लेकिन पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में थंडरस्टॉर्म की गतिविधियां बढ़ने के चलते मौसम विभाग ने प्रदेश के 45 जिलों मे आंधी -बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आकांशा जताई है।
मौसम विभाग ने इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट किया जारी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, श्योपुर, शिवपुरी, अशोक नगर, सागर और दमोह में तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, दतिया, मुरैना, भिंड, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, पांढुर्णा, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज आंधी तो कहीं बारिश होने की संभावना जताई है।
क्यों बदल रहा है मौसम
भोपाल मौसम केंद्र के अनुसार उत्तर पाकिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके साथ मध्य उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती हवाओं का घेरा बना हुआ है. यही सिस्टम प्रदेश में नमी ला रहा है, जिससे प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं.
मानसून कब पहुंचेगा मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में भले ही प्री मानसून की एंट्री हो गई है। लेकिन मानसून की दस्तक इस बार 5 से 7 दिन देर से होगी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार केरल में 4 जून को मानसून पहुंचा है. ऐसे में मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक 20 से 22 जून के बीच हो सकती है। जबकि आमतौर पर मानसून 15 जून के आसपास मध्य प्रदेश में प्रवेश कर जाता है।