भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से 5 लोगों की मौत का सनसनी खेज मामला सामने आया है। जहां एक युवक ने पहले परिवार के 4 लोगों की गाला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद ने ट्रेन के आगे छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी इलाके की है।
सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिला शव
जानकारी के अनुसार, नरेंद्र साहू नामक व्यक्ति ने पहले अपने दोनों बच्चों, पत्नी और बुजुर्ग की गाला रेतकर हत्या की। इसके बाद ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी कर ली। नरेंद्र का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने की मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान पुलिस ने नरेंद्र साहू की मां सरस्वती साहू 50, पत्नी सोमलता साहू 29, बेटी कृति साहू 10 और बेटा खुश साहू 6 और नरेंद्र साहू (35) के रूप में की है। जिनके शवों को पंचनामे के बाद परिजनों को सौप दिया है।
नरेंद्र 30 से 40 लाख रूपए के कर्ज में था
बताया जा रहा है कि नरेंद्र 30 से 40 लाख रूपए के कर्ज में था और आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था। नरेंद्र पहले टैक्सी और रेस्टोरेंट का काम संभालता था, जो की 15 दिन पहले बंद हो गया था। इतना ही नहीं कर्ज के चलते 1 साल पहले खेजड़ी में मकान भी नरेंद्र ने बेच दिया था। इसके बाद परिवार एक साल पहले ही मालीखेड़ी इलाके में रहने आया था और किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि नरेंद्र साहू ने गहरी नींद में सो रहे परिवार के सदस्यों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की. इसके बाद वह घर से करीब 500 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और वहां आत्महत्या कर ली.फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. परिवार के अन्य सदस्यों के बयान लिए जाने बाकी हैं. पुलिस कर्ज के कारणों और परिवार की परेशानी से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.