अनूपपुर : मध्य प्रदेश के अनूपपुर में धान की रोपाई कर घर लौट रहे कुछ मजदूर हादसे का शिकार हो गए। जिसकी वजह से 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। जिन्हे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसा नवीन सब्जी मंडी अनूपपुर के पास करहीबाह गांव क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुआ।
ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटा
बताया जा रहा है कि सभी मजदूर धान की रोपाई कर खेत से लौट रहे। तभी ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और इंजन के नीचे दबने से 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं घायल हो गईं। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
धान की रोपाई कर लौट रहे थे सभी
बताया जा रहा है कि सामतपुर मोहल्ले की 6 महिलाएं करहीबाह गांव में केशव राठौर के खेत में धान रोपाई करने गई थीं। दोपहर को लौटते समय ट्रैक्टर पर सवार कुछ महिलाएं रील बना रही थीं। तभी चालक ने पीछे मुड़कर देखा और गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
मृतक की पहचान नजर चौधरी के रूप में हुई
वही पुलिस ने मृतका की पहचान नजर चौधरी के रूप में हुई है। जबकि हादसे में 25 वर्षीय प्राची चौधरी, शांति चौधरी और 30 वर्षीय सीमा चौधरी घायल हो गए। जिनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। डॉक्टर के अनुसार तीनों महिलाओं के हाथ, पैर और कमर में चोटें आई हैं।