ओडिशा राजनीति में बड़ा उलटफेर: राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने BJD से तोड़ा नाता...

BJD News: ओडिशा की राजनीति में रविवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिला। बीजू जनता दल (BJD) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद Debashish Samantaray ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। लंबे समय तक Naveen Patnaik के करीबी माने जाने वाले सामंतराय अब भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की तैयारी में हैं। देबाशीष सामंतराय ने 25 मई 2026 को बीजेडी अध्यक्ष नवीन पटनायक को अपना इस्तीफा भेजा। इसके साथ ही उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने राज्यसभा चेयरमैन से मुलाकात कर अपना त्यागपत्र सौंपा।

इस्तीफे में छलका दर्द

अपने इस्तीफे में देबाशीष सामंतराय ने पार्टी के मौजूदा हालात पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि वह हमेशा पार्टी के हित में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करते रहे, लेकिन पिछले कुछ समय से उन्हें पार्टी के भीतर लगातार नजरअंदाज और अपमानित किया जा रहा था। सामंतराय ने पत्र में लिखा, “मुझे ऐसा महसूस हो रहा है कि पार्टी के भीतर मुझे लगातार और सोची-समझी साजिश के तहत छोटा दिखाया जा रहा है। अब पार्टी को मेरी सेवाओं की जरूरत नहीं रह गई है।” उन्होंने यह भी कहा कि राज्यसभा भेजने के लिए वह नवीन पटनायक के हमेशा आभारी रहेंगे, क्योंकि इससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर ओडिशा और कटक के लोगों की सेवा करने का अवसर मिला।

BJP में शामिल होने की तैयारी

सूत्रों के मुताबिक देबाशीष सामंतराय जल्द ही भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकते हैं। हालांकि अभी तक BJP की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ओडिशा में सत्ता परिवर्तन के बाद से बीजेडी के भीतर असंतोष बढ़ता जा रहा है। कई नेताओं के बीच अंदरूनी खींचतान की खबरें लगातार सामने आ रही थीं, लेकिन किसी मौजूदा राज्यसभा सांसद का इस तरह खुलकर नाराजगी जताना पार्टी के लिए बड़ा संकेत माना जा रहा है।

BJD में बढ़ सकती है मुश्किलें

देबाशीष सामंतराय का इस्तीफा ऐसे समय आया है जब बीजेडी पहले से ही संगठनात्मक चुनौतियों का सामना कर रही है। पार्टी के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में गिने जाने वाले सामंतराय के जाने से BJD को राजनीतिक और संगठनात्मक दोनों स्तर पर नुकसान हो सकता है। ओडिशा की राजनीति में इस घटनाक्रम को आने वाले समय के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे राज्य की सियासत में नए समीकरण बनने की संभावना भी बढ़ गई है।

Publisher: INH 24x7