MP Nautapa: नौतपा की शुरुआत, एमपी के 44 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी

MP Nautapa: मध्य प्रदेश में नौतपा की शुरुआत के साथ ही रिकॉर्डतोड़ गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। सूर्यदेव की सीधी और तीखी किरणों के कारण समूचा मध्य प्रदेश इस समय तपती भट्टी में तब्दील हो चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र ने नौतपा के पहले ही दिन राज्य के 44 जिलों में किलर हीटवेव लू का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के करीब और उसके पार पहुंच चुका है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, नौतपा के शुरुआती चार दिन सबसे ज्यादा गर्म और झुलसाने वाले होंगे, जिससे फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

आसमान से बरस रही इस आग और झुलसाने वाली गर्म पछुआ हवाओं के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे के बीच मुख्य बाजारों, चौराहों और सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है।

5 जिलों में लू का रेड अलर्ब 

मौसम विभाग ने राज्य के पांच सीमावर्ती जिलों में अत्यधिक तीव्र लू चलने की आशंका व्यक्त करते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।  जिनमें निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना शामिल है। 

तपिश की चपेट में मालवा और चंबल 

बुंदेलखंड और विंध्य के अलावा मध्य प्रदेश के अन्य संभाग भी इस किलर हीटवेव से अछूते नहीं हैं। बड़े महानगरों और प्रमुख केंद्रों में भी सूरज का पारा सातवें आसमान पर है। भोपाल में सुबह 10:00 बजे से ही चल रही तीखी धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया है। वही ग्वालियर में रेतीली और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने झुलसने जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। तो वही उज्जैन में महाकाल की नगरी में भी भीषण तापमान के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

अस्पतालों में बढ़े मरीज

लगातार बढ़ रहे इस प्रचंड तापमान के कारण चिकित्सा विशेषज्ञों ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। तीव्र लू के कारण आम जनता में डिहाइड्रेशन और एसिडिटी और उल्टी-दस्त की समस्या होने लगी है। हीट स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ गया है। सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी में अचानक मौसमी बीमारियों और डिहाइड्रेशन के मरीजों की तादाद बढ़ गई है।

डॉक्टरों की गाइडलाइन

तरल पदार्थों का सेवन: प्यास न होने पर भी बार-बार पानी, ओआरएस का घोल, नींबू पानी और नारियल पानी पीते रहें।

खाली पेट न निकलें: घर से बाहर निकलने से पहले कुछ खाकर और पर्याप्त पानी पीकर ही निकलें।

सुरक्षा कवच: बाहर जाते समय चेहरे और सिर को सूती कपड़े या गमछे से अच्छी तरह ढककर रखें।

Publisher: INH 24x7