Shajapur News: मक्सी के ग्राम झोकर में नव विवाहित ने लगाई फांसी, फंदे पर लटका मिला शव 

शाजापुर: शाजापुर जिले के मक्सी थाना क्षेत्र के ग्राम झोंकर में एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना के समय पति दूसरे कमरे में अपनी पहली पत्नी के साथ सो रहा था। बेटी के रोने की आवाज सुनकर जब पति कमरे में पहुंचा तो पत्नी फंदे पर लटकी मिली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम झोंकर निवासी 23 वर्षीय रानू मंडोर अपने पति अर्जुन मंडोर और उसकी पहली पत्नी पिंकी के साथ एक ही घर में रहती थी। शनिवार रात अर्जुन अपनी पहली पत्नी के साथ दूसरे कमरे में सो गया था, जबकि रानू अपनी डेढ़ माह की बच्ची के साथ अलग कमरे में थी।

पति अर्जुन मंडोर ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे बच्ची के रोने और किसी चीज के गिरने की आवाज सुनाई दी। जब वह कमरे में पहुंचा तो रानू नीचे गिरी हुई थी और उसके गले में रस्सी बंधी हुई थी। कमरे की छत की बल्लियों में भी रस्सी बंधी मिली।

घटना की सूचना देर रात मक्सी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।ग्रामीणों और परिजनों के बीच यह चर्चा भी रही कि मृतका की नवजात संतान थर्ड जेंडर है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।फिलहाल मक्सी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Publisher: INH 24x7