भिंड : मध्य प्रदेश के भिंड में गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में नेपाल की एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। जिनका उपचार अस्पताल में जारी है। हादसा नेशनल हाईवे-719 के गोहद चौराहा क्षेत्र के बंजारे पुरा के पास हुआ। जिसकी सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती करवाया।
नेपाल से पुणे जा रही बस का हुआ एक्सीडेंट
जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी स्लीपर बस नेपाल के पलिया प्रांत से चलकर बस पुणे के लिए रवाना हुई थी. जो शुक्रवार सुबह इटावा के रास्ते भिंड में दाखिल हुई थी. यहां नेशनल हाईवे 719 से गुजरते समय बस हादसे का शिकार हो गई। जिसकी चलते बस में सवार महिला यात्री की मौत हो गई। जबकि 3 दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि एलपीजी सिलेंडर से भरा ट्रक आगे चल रहे ट्रॉला को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था।इसी दौरान सामने से आ रही नेपाल से पुणे जा रही स्लीपर बस से ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर से बचने के लिए ट्रॉला चालक ने वाहन को सड़क से नीचे उतार दिया, लेकिन वह पलट गया।
बस के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि बस के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। प्रारंभिक जांच के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और वाहनों के आमने-सामने टकराव के कारण हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। तो वही दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने और यातायात सुचारु करने के लिए क्रेन की मदद ली गई।