भोपाल : मध्य प्रदेश के मौसम में इन दिनों दो तरह के रंग देखने को मिल रहे है। दिन में जहां कड़ाके की गर्मी का एहसास हो रहा है। तो वही रात में ठंड बढ़ने लगी है। मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में 15 और 16 अक्टूबर को आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। तो वही 20 अक्टूबर से रात में ठंड बढ़ने का अनुमान भी जताया है।
नौ जिलों में बारिश की संभावना
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के नौ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 13 और 14 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान धूप निकलने से दिन में गर्मी का अहसास बना रह सकता है।
20 अक्टूबर से तापमान में होगी गिरावट
राजधानी भोपाल और इंदौर में रात के समय तापमान में बदलाव के साथ ठंडक बढ़ने के संकेत हैं। मौसम में ठंड का असर फिलहाल रातों में अधिक महसूस होगा, जबकि दिन में धूप खिली रहने की संभावना है। 20 अक्टूबर के बाद रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
15 अक्टूबर से बारिश का दौर जारी रह सकता है
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में बीते दिनों दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव रहे, जिसके चलते मानसून के विदा होने के बाद भी बारिश हो रही थी. फिलहाल आज और कल बारिश से राहत मिलेगी लेकिन बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया एक्टिव होने से 15 अक्टूबर से राज्य में फिर से बारिश का दौर जारी रह सकता है, खासकर पूर्वोत्तर जिले इससे प्रभावित हो सकते हैं.