वाराणसी। Akash Deep Wedding: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने अपनी निजी जिंदगी की नई शुरुआत करते हुए बुधवार को अक्षिता राज के साथ सात फेरे लिए। वाराणसी के एक प्रतिष्ठित होटल में आयोजित इस शादी समारोह में परिवार, करीबी दोस्त और कई खास मेहमान शामिल हुए। समारोह में भोजपुरी संगीत जगत के चर्चित गायक पवन सिंह और भारतीय क्रिकेटर मुकेश कुमार भी मौजूद रहे। हालांकि शादी की तस्वीरों और वीडियो के बीच सोशल मीडिया पर एक अलग ही चर्चा शुरू हो गई। कई क्रिकेट प्रशंसकों ने सवाल उठाया कि भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारे विराट कोहली, एमएस धोनी और रोहित शर्मा इस समारोह में क्यों नजर नहीं आए।
शादी में स्टार खिलाड़ियों को लेकर पूछे गए सवाल पर क्या बोले आकाश दीप?
शादी के दौरान एक करीबी व्यक्ति ने आकाश दीप से सीधे सवाल कर लिया कि उन्होंने विराट कोहली, एमएस धोनी और रोहित शर्मा को शादी में आमंत्रित क्यों नहीं किया। इस सवाल पर आकाश दीप ने मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, “शादी हो पाएगा फिर यहां बनारस में?” उनका यह जवाब सुनते ही वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े। इसके बाद जब उनसे दोबारा कहा गया कि उन्हें इन खिलाड़ियों को बुलाना चाहिए था, तो आकाश दीप ने हंसते हुए कहा, “उनको बुलाने के लिए तो फिर बाहर से करना पड़ेगा शादी।” उनका इशारा साफ था कि यदि भारतीय क्रिकेट के ये बड़े सितारे समारोह में पहुंचते, तो प्रशंसकों और मीडिया की भारी भीड़ जुट जाती, जिससे आयोजन को संभालना मुश्किल हो सकता था।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो
आकाश दीप के इस मजेदार जवाब का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्रिकेट फैंस उनके हाजिरजवाबी भरे अंदाज को पसंद कर रहे हैं और वीडियो पर लगातार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स का मानना है कि आकाश दीप ने बेहद हल्के-फुल्के अंदाज में उस सवाल का जवाब दिया, जो इन दिनों क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
भारतीय टीम के उभरते तेज गेंदबाज हैं आकाश दीप
आकाश दीप भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते हुए तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं। अब तक वह भारत के लिए 10 टेस्ट मैच खेल चुके हैं और 28 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। हाल ही में बिहार सरकार ने खेल कोटे के तहत आकाश दीप और मुकेश कुमार को डीएसपी पद पर नियुक्त किया था, जिसकी जानकारी स्वयं क्रिकेटर ने साझा की थी। शादी के बाद अब फैंस को उम्मीद है कि आकाश दीप अपने क्रिकेट करियर में भी इसी तरह नई सफलताओं की इबारत लिखते रहेंगे।