Vikrant Massey Ramayan Controversy: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। फिल्म की स्टारकास्ट और कहानी से जुड़ी हर नई जानकारी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती है। इसी बीच खबरें सामने आईं कि अभिनेता विक्रांत मैसी को फिल्म में मेघनाद के किरदार के लिए चुना गया था, लेकिन बाद में उन्हें रिप्लेस कर दिया गया। अब इस पूरे मामले पर खुद विक्रांत मैसी ने प्रतिक्रिया दी है और सच्चाई सामने रखी है।
इंस्टाग्राम स्टोरी में अफवाहों का किया खंडन:
रविवार को विक्रांत मैसी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर वायरल हो रही खबरों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में लिखा कि वह कभी भी फिल्म ‘रामायण’ का हिस्सा नहीं रहे। एक्टर ने मीडिया रिपोर्ट्स पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि इस तरह की खबरें गैर-जिम्मेदाराना हैं। साथ ही उन्होंने फिल्म की टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह दर्शक के रूप में सिनेमाघर में फिल्म देखने जरूर जाएंगे। हालांकि, यह पोस्ट कुछ ही मिनटों बाद डिलीट कर दी गई, जिससे चर्चा और तेज हो गई।
मेघनाद के किरदार में राघव जुयाल:
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में मेघनाद की भूमिका के लिए अब अभिनेता राघव जुयाल को साइन किया गया है। बताया जा रहा है कि चोट से उबरने के बाद वह जल्द ही शूटिंग शुरू करेंगे। रिपोर्ट्स यह भी संकेत देती हैं कि उनका किरदार फिल्म के दूसरे पार्ट में दिखाई देगा, जिसकी रिलीज दिवाली 2027 के आसपास तय मानी जा रही है।
‘रामायण’ की स्टारकास्ट और रिलीज प्लान:
मेगा बजट में बन रही इस फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। जिसमें रणबीर कपूर-भगवान राम, यश-रावण, साई पल्लवी-माता सीता, सनी देओल-हनुमान और रवि दुबे-लक्ष्मण के किरदार निभाएंगे, फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होने की योजना है। म्यूजिक लेजेंड ए.आर. रहमान और इंटरनेशनल कंपोजर हंस जिमर इसके संगीत पर काम कर रहे हैं। विक्रांत मैसी के बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि वह कभी भी ‘रामायण’ प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं थे। हालांकि, उनकी डिलीट हुई इंस्टाग्राम स्टोरी ने फैंस के बीच उत्सुकता और चर्चा जरूर बढ़ा दी है।