Bharat Kapoor Death News: हिंदी सिनेमा ने खोया एक दमदार कलाकार मुंबई से एक दुखद खबर सामने आई है। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के अनुभवी अभिनेता भरत कपूर का 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि सोमवार, 27 अप्रैल को उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाज भी जारी था। उनके निधन की खबर से बॉलीवुड और थिएटर जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
करीबी दोस्त ने बताई मौत की वजह
अभिनेता अवतार गिल ने इस दुखद खबर की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि भरत कपूर के बेटे राहुल ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि दोपहर करीब 3 बजे कार्डियक अरेस्ट के चलते उनका निधन हो गया। अवतार गिल ने भावुक होते हुए कहा कि वे पिछले 50 सालों से भरत कपूर को जानते थे और उनके साथ कई नाटकों और फिल्मों में काम कर चुके थे। उन्होंने इसे एक बड़े भाई और मार्गदर्शक को खोने जैसा बताया।
इंडस्ट्री ने दी श्रद्धांजलि
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने भी सोशल मीडिया के जरिए शोक व्यक्त किया। उन्होंने भरत कपूर को एक शानदार कलाकार और नेक इंसान बताया और उनके साथ बिताए पलों को याद किया।
फिल्मों में निभाए यादगार किरदार
भरत कपूर ने अपने लंबे करियर में कई फिल्मों में दमदार अभिनय किया। खासकर उनके नेगेटिव रोल्स को दर्शकों ने खूब सराहा। उनकी प्रमुख फिल्मों में नूरी, राम बलराम, आखिरी रास्ता, इंकार, बरसात, सोने पे सुहागा शामिल हैं, इन फिल्मों में उनके खलनायक के किरदारों ने उन्हें इंडस्ट्री में एक अलग पहचान दिलाई।
परिवार में कौन-कौन हैं?
भरत कपूर अपने पीछे पत्नी लोपा, बेटे राहुल और सागर को छोड़ गए हैं। उनकी बेटी कविता का कुछ वर्ष पहले ही निधन हो चुका था। भरत कपूर का जाना हिंदी सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने अभिनय से न केवल फिल्मों में बल्कि रंगमंच पर भी गहरी छाप छोड़ी। उनके निभाए गए किरदार आज भी दर्शकों के दिलों में जीवित रहेंगे।