Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 का आगाज 19 सितंबर से होगा और प्रतियोगिता 4 अक्टूबर तक चलेगी। इस बार एशिया के खेल महाकुंभ में करीब 15 हजार खिलाड़ी और अधिकारी हिस्सा लेने की तैयारी में हैं। भारत के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी इस आयोजन में आकर्षण का बड़ा केंद्र होंगे, लेकिन उनसे भी कम उम्र की एक खिलाड़ी ने पहले ही सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। चीन की तैराक यू जिडी महज 13 साल की उम्र में एशियन गेम्स में उतरने जा रही हैं। अक्टूबर में उनका 14वां जन्मदिन होगा। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली यू जिडी चीन की मजबूत तैराकी टीम का हिस्सा होंगी।
13 साल की उम्र में एशियन गेम्स में उतरेंगी यू जिडी
यू जिडी ने कम उम्र में ही तैराकी की दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने पिछले साल महिलाओं की 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले स्पर्धा में एशियाई रिकॉर्ड बनाकर सुर्खियां बटोरी थीं। अब उनकी नजर नागोया एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन पर होगी। चीन ने हांगझोऊ में आयोजित पिछले एशियन गेम्स में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड 201 गोल्ड मेडल जीते थे। ऐसे में इस बार भी चीन को पदक तालिका में शीर्ष दावेदार माना जा रहा है। यू जिडी के प्रदर्शन पर इसलिए भी नजर रहेगी क्योंकि वह इस प्रतियोगिता में शामिल होने वाली सबसे कम उम्र की चर्चित खिलाड़ियों में शामिल हैं।
वैभव सूर्यवंशी भी होंगे बड़े आकर्षण
भारत के 15 वर्षीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी एशियन गेम्स 2026 में चर्चा का विषय रहेंगे। कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने वाले वैभव ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहले ही खास पहचान बना ली है। एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को गोल्ड मेडल का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। भारत पिछली बार चैंपियन रहा था और इस बार भी टीम खिताब बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित मुकाबला भी क्रिकेट प्रशंसकों के लिए इस आयोजन का सबसे रोमांचक पहलू बन सकता है।
एलेक्जेंड्रा ईला पर भी रहेंगी निगाहें
फिलीपींस की टेनिस स्टार एलेक्जेंड्रा ईला भी एशियन गेम्स में आकर्षण का केंद्र होंगी। हालांकि उनकी उम्र अब 21 वर्ष है, लेकिन उन्होंने बेहद कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय टेनिस में अपनी पहचान बना ली थी। हाल ही में वॉशिंगटन ओपन जीतकर ईला ने डब्ल्यूटीए खिताब जीतने वाली फिलीपींस की पहली खिलाड़ी बनने की उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता के बाद फिलीपींस में टेनिस को लेकर लोगों की दिलचस्पी भी बढ़ी है।
खिलाड़ियों के ठहरने के लिए अनोखी व्यवस्था
नागोया एशियन गेम्स में खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था भी खास रहने वाली है। आयोजकों ने खर्च को नियंत्रित करने के लिए पारंपरिक होटलों के अलावा अस्थायी आवास की व्यवस्था की है। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 4,000 से 5,000 खिलाड़ी इटली के क्रूज शिप कोस्टा सेरेना में ठहरेंगे। इस जहाज में सैकड़ों केबिन के साथ स्विमिंग पूल और कई रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। इसके अलावा करीब 2,000 खिलाड़ी और अधिकारी नागोया के गार्डन पियर क्षेत्र में तैयार किए गए लकड़ी के कंटेनरनुमा अस्थायी आवासों में रहेंगे। अन्य खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए होटल की व्यवस्था की गई है। तैराकी, डाइविंग और घुड़सवारी जैसे कुछ मुकाबले टोक्यो में आयोजित किए जाएंगे, इसलिए इन स्पर्धाओं से जुड़े खिलाड़ियों के लिए वहां भी आवास की व्यवस्था की गई है।
कई नए खेल भी बढ़ाएंगे रोमांच
एशियन गेम्स 2026 में पारंपरिक खेलों के साथ कई नए इवेंट भी देखने को मिलेंगे। एथलेटिक्स, स्विमिंग, फुटबॉल और कबड्डी के अलावा सेपक टकरॉ और वुशु जैसे खेल भी प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे। इस बार मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स, पैडल, टेकबॉल और वर्चुअल ताइक्वांडो जैसे इवेंट भी शामिल किए गए हैं। ई-स्पोर्ट्स की भी वापसी होगी। हांगझोऊ एशियन गेम्स में ई-स्पोर्ट्स को पहली बार शामिल किया गया था और उसे अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी।
1994 के बाद फिर जापान में एशियन गेम्स
जापान में 1994 के बाद पहली बार एशियन गेम्स का आयोजन हो रहा है। इस कारण नागोया आयोजन को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। एक तरफ भारत की नजर क्रिकेट में गोल्ड मेडल पर होगी, वहीं दूसरी ओर दुनिया की निगाहें 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी और उनसे भी छोटी 13 वर्षीय चीनी तैराक यू जिडी जैसी युवा प्रतिभाओं पर रहेंगी। एशियन गेम्स 2026 में युवा खिलाड़ियों की मौजूदगी इस आयोजन को और खास बनाने वाली है।