होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

बद्रीनाथ से उड़ान भरने के बाद हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग सवार; CM धामी ने संभाला मोर्चा

बद्रीनाथ से उड़ान भरने के बाद हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग सवार; CM धामी ने संभाला मोर्चा

उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के पास हेलिकॉप्टर हादसे की खबर से हड़कंप मच गया है। जोशीमठ और बद्रीनाथ के बीच चाई गांव के नजदीक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे, जिनमें पांच यात्री शामिल थे। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, SDRF और आपदा प्रबंधन की टीमें सक्रिय हो गईं।

CM पुष्कर सिंह धामी ने की हादसे की पुष्टि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जोशीमठ के चाई गांव के पास हेलिकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।

सीएम धामी ने कहा कि वह खुद पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने यात्रियों के सुरक्षित होने की कामना की है।

बद्रीनाथ से उड़ान के बाद हेलिकॉप्टर से टूटा संपर्क

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के CEO प्रतीक जैन के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन का हेलिकॉप्टर गुरुवार दोपहर 1 बजकर 14 मिनट पर बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ था। जोशीमठ घाटी के पास पहुंचने के बाद हेलिकॉप्टर की लोकेशन मिलनी बंद हो गई।

सूचना मिलते ही चमोली जिला प्रशासन, SDRF और सेना की एक टुकड़ी को संभावित घटनास्थल की ओर भेजा गया। शुरुआती स्तर पर टीमें मौके तक पहुंचने और राहत-बचाव अभियान संचालित करने में जुटीं।

हेलिकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग थे सवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलिकॉप्टर में कैप्टन हिमांशु सहित पांच यात्री मौजूद थे। यात्रियों की पहचान प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस नटराज के रूप में बताई गई है।

हालांकि, हादसे के बाद यात्रियों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। प्रशासन और बचाव दल घटनास्थल से लगातार जानकारी जुटा रहे हैं।

ट्रांस भारत एविएशन के पूरे बेड़े की उड़ानें बंद

हादसे के बाद एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलिकॉप्टरों का संचालन अगले आदेश तक रोक दिया गया है। कंपनी के पूरे बेड़े की उड़ानों पर रोक लगाने का फैसला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

उत्तराखंड में हेलिकॉप्टर हादसों का रिकॉर्ड चिंताजनक

उत्तराखंड में पिछले कुछ वर्षों के दौरान कई हेलिकॉप्टर दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उपलब्ध सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2020 से जुलाई 2025 के बीच राज्य में सात हेलिकॉप्टर क्रैश हुए, जिनमें 21 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, 2023 से 2025 के बीच छह हेलिकॉप्टर हादसे दर्ज किए गए।

पहाड़ी क्षेत्रों में दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और मौसम की चुनौतियों के बीच हेलिकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा एक बार फिर चर्चा में आ गई है।


संबंधित समाचार