विनोद मिश्रा, छतरपुर: इंडोनेशिया में आयोजित हनुमान कथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अयोध्या राम मंदिर में हुए चोरी के मामले पर बड़ा बयान दिया है।
धीरेंद्र शास्त्री ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि यह सिर्फ पैसों की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा की चोरी है। उन्होंने रावण का उदाहरण देते हुए कहा, "माता सीता को चुराने वाले रावण के पूरे वंश का नाश हो गया था।
उन्होंने आगे कहा कि राम मंदिर में चोरी करने वाले महापापी हैं, उन्हें भगवान खुद महादंड देंगे।" दर्ज हुई एफआईआर (FIR) का जिक्र करते हुए बागेश्वर महाराज ने कहा कि इस मामले में अभी और जांच होनी चाहिए, जिससे कई और आरोपी पकड़े जाएंगे। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि ऐसे लोगों को सरकारी दंड तो मिलेगा ही, साथ ही वे ईश्वरीय न्याय से भी नहीं बच पाएंगे।