Chhatarpur Theft: छतरपुर जिले के गुलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घिनौची में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां अज्ञात चोरों ने एक ही रात में आधा दर्जन घरों को निशाना बनाते हुए सोना-चांदी के जेवरात, नगदी और एलपीजी गैस सिलेंडर तक चोरी कर लिए। इतना ही नही चोर घर में रखा खाना भी खा गये। ग्रामीणों के मुताबिक चोरी हुए सिलेंडरों की संख्या 3 से 4 बताई जा रही है। लगातार बढ़ती गैस कीमतों के बीच अब सिलेंडर चोरी की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं।
एक साथ 6 घरों में चोरी
जानकारी के अनुसार गांव के लोग रात में अपने घरों में सो रहे थे, तभी चोरों ने सुनसान का फायदा उठाकर घरों के ताले तोड़ दिए और अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब लोग जागे तो घरों के ताले टूटे मिले और सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए। बाहर निकलने पर पता चला कि गांव के एक साथ 6 घरों में चोरी हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
इन घरों को बनाया निशाना
चोरों ने सीमा सेन, नरेंद्र कुमार सेन, बंदू सेन, बल्देव अहिरवार, सतीश बुनकर और धरम अहिरवार के घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इनमें से कुछ मकान मालिक बाहर रहते हैं, जिसके चलते चोरी गए सामान का सही आंकलन अभी नहीं हो सका है।
एक ही गैंग का अंदेशा..
मामले में बड़ामलहरा एसडीओपी रोहित अलावा ने बताया कि सभी घरों में चोरी का तरीका एक जैसा है, जिससे यह प्रतीत होता है कि किसी एक संगठित चोर गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और मकान मालिकों के लौटने के बाद ही चोरी गए सामान और नुकसान की सही जानकारी सामने आ सकेगी।