भोपाल। मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार की अगली डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधीसागर में आयोजित होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर होने वाली यह नौवीं डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक होगी। इसमें किसान कल्याण, उद्योग, ऊर्जा और औद्योगिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।
15 सैटेलाइट टाउन पर हो सकती है चर्चा
बैठक में गांधीसागर बांध पर लगभग 1920 मेगावाट क्षमता के पंप स्टोरेज प्लांट की योजना को लेकर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। इस परियोजना का उद्देश्य प्रदेश में ऊर्जा भंडारण की क्षमता बढ़ाना है। इसके अलावा मध्यप्रदेश में 15 नए सैटेलाइट टाउन विकसित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हो सकती है।
इस वजह से शुरू की गई डेस्टिनेशन कैबिनेट
गौरतलब है कि डेस्टिनेशन कैबिनेट की शुरुआत प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी पहचान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है। इसके जरिए क्षेत्रीय विकास और सुशासन को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
आठ स्थानों पर हो चुकी है बैठकें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बीते ढाई वर्षों में भोपाल से बाहर आठ स्थानों पर ऐसी बैठकें आयोजित हो चुकी हैं। अब गांधीसागर में होने वाली बैठक से मालवा क्षेत्र के विकास और पर्यटन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।