Vijay Oath Ceremony: चेन्नई में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह के साथ तमिलनाडु की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई। तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर आधिकारिक तौर पर राज्य की कमान संभाल ली। जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई बड़े राजनीतिक चेहरे मौजूद रहे। टीवीके कार्यकर्ताओं के उत्साह, सीटियों और तालियों की गूंज के बीच विजय ने ईश्वर के नाम पर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद विजय ने कांग्रेस, भाकपा, माकपा, वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन से सरकार बनाई है।
शपथ लेते ही एक्शन में CM विजय
मुख्यमंत्री पद संभालते ही विजय ने बड़ा ऐलान करते हुए राज्य में 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा कर दी। इसे नई सरकार का पहला बड़ा जनहित फैसला माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, यह फैसला सीधे तौर पर मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों को राहत देने वाला कदम माना जा रहा है।
राहुल गांधी की मौजूदगी बनी चर्चा का केंद्र
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में खास चर्चा बटोरी। जैसे ही राहुल गांधी और विजय मंच पर साथ दिखाई दिए, पूरा स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा। कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर समेत सहयोगी दलों के नेताओं ने विजय सरकार को “बदलाव और नई उम्मीद” की शुरुआत बताया।
इन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ
मुख्यमंत्री विजय के बाद कई नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें टीके प्रभु, के.ए. सेंगोट्टैयन, के.जी. अरुण राज, आधव अर्जुन प्रमुख नाम शामिल हैं। नई कैबिनेट में कई युवा और अनुभवी चेहरों को जगह दी गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के विकास और जनता के बेहतर जीवन के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करेगी।
13 मई तक साबित करना होगा बहुमत
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए 13 मई तक विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दिया है। हालांकि सहयोगी दलों के समर्थन के चलते विजय सरकार का बहुमत मजबूत माना जा रहा है।
तमिलनाडु की राजनीति में नए दौर की शुरुआत
फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए विजय ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। जनता अब उनकी सरकार से सामाजिक न्याय, पारदर्शी प्रशासन और विकास की उम्मीद कर रही है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि विजय की लोकप्रियता और युवा समर्थन आने वाले समय में तमिलनाडु की राजनीति की दिशा बदल सकता है।