Philippines Earthquake: दक्षिण-पूर्व एशिया के द्वीपीय देश Philippines में सोमवार सुबह एक शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। देश के दक्षिणी हिस्से Mindanao के तटीय क्षेत्र में आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.0 मापी गई, जिससे कई शहरों में इमारतें ढह गईं और सड़कों में गहरी दरारें पड़ गईं।
इमारतें हुई क्षतिग्रस्त
भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था, जिसके कारण झटके अत्यंत तेज और विनाशकारी महसूस किए गए। स्थानीय प्रशासन के अनुसार कई रिहायशी और व्यावसायिक इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों से लोगों के घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है। भूकंप के तुरंत बाद प्रशांत महासागर क्षेत्र की प्रमुख एजेंसियों ने सुनामी अलर्ट जारी कर दिया।
इन देशों में भी रहा भूकंप का प्रभाव
तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों और ऊंचे क्षेत्रों की ओर जाने की सलाह दी गई है। इस भूकंप के प्रभाव केवल फिलीपींस तक सीमित नहीं रहे, बल्कि Indonesia, Japan, ताइवान, गुआम और पापुआ न्यू गिनी जैसे देशों में भी झटके महसूस किए गए।
समुद्र में सुनामी चेतावनी जारी
इंडोनेशिया के कुछ हिस्सों में समुद्र में ऊंची लहरों की संभावना को देखते हुए सुनामी चेतावनी जारी की गई है। आपदा प्रबंधन एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।