SBI Bank Holiday News 2026: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक State Bank of India (SBI) के करोड़ों ग्राहकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। 23 मई से 28 मई 2026 के बीच SBI की शाखाओं में लगातार 6 दिनों तक कामकाज प्रभावित हो सकता है। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने बैंक से जुड़े जरूरी काम 22 मई तक ही निपटा लें। बैंकिंग सेवाओं पर असर की मुख्य वजह चौथे शनिवार और रविवार की छुट्टी, कर्मचारियों की प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल और बकरीद (ईद-उल-अजहा) की छुट्टियां हैं।
क्यों 6 दिन प्रभावित रह सकता है SBI का कामकाज?
23 मई से 28 मई के बीच अलग-अलग कारणों से बैंकिंग सेवाएं बाधित हो सकती हैं।
1. चौथा शनिवार और रविवार
23 मई को महीने का चौथा शनिवार है, जबकि 24 मई को रविवार पड़ेगा। RBI के नियमों के अनुसार दूसरे और चौथे शनिवार के साथ हर रविवार को बैंक बंद रहते हैं।
2. SBI कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल
ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने 25 और 26 मई को देशव्यापी हड़ताल का प्रस्ताव रखा है। इस हड़ताल में क्लर्क और अन्य वर्कमेन स्टाफ शामिल हो सकते हैं, जिससे बैंकिंग सेवाओं पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है।
3. बकरीद की छुट्टी
27 और 28 मई को देश के विभिन्न राज्यों में बकरीद (ईद-उल-अजहा) के अवसर पर बैंक बंद रह सकते हैं। कई राज्यों में 27 मई को अवकाश रहेगा, जबकि कुछ जगहों पर 28 मई को छुट्टी होगी। जम्मू-कश्मीर में दोनों दिन बैंक बंद रहने की संभावना है।
किन सेवाओं पर पड़ेगा असर?
यदि हड़ताल होती है तो SBI की कई जरूरी शाखा सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इनमें चेक क्लियरिंग, कैश जमा और निकासी, पासबुक अपडेट, डिमांड ड्राफ्ट (DD) सेवाएं, शाखा आधारित ग्राहक सेवाएं शामिल हैं, हालांकि, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और ATM सेवाएं सामान्य रूप से जारी रह सकती हैं।
SBI कर्मचारी क्यों कर रहे हैं हड़ताल?
AISBISF ने कर्मचारियों से जुड़ी 16 मांगों को लेकर हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों के अधिकार, बेहतर कार्य व्यवस्था और ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है।
SBI कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
स्थाई भर्ती की मांग
मेसेंजर्स और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नई भर्ती
पर्याप्त संख्या में आर्म्ड गार्ड्स की नियुक्ति
सभी शाखाओं में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध कराना
कर्मचारियों के अधिकार
2019 के बाद भर्ती कर्मचारियों को इंटर सर्कल ट्रांसफर (ICT) की सुविधा
आउटसोर्सिंग पर रोक
कर्मचारियों के वेतन और सुविधाओं में समानता
पेंशन और मेडिकल सुविधाएं
NPS कर्मचारियों को पेंशन फंड मैनेजर चुनने की आजादी
मेडिकल रिइम्बर्समेंट स्कीम में सुधार
रिटायर्ड कर्मचारियों को अतिरिक्त लाभ
प्रशासनिक मांगें
HRMS तकनीकी समस्याओं का समाधान
PF ट्रस्ट में कर्मचारी प्रतिनिधि की नियुक्ति
कर्मचारियों पर क्रॉस-सेलिंग का दबाव खत्म करना
ग्राहकों के लिए जरूरी सलाह
यदि आपको बैंक शाखा जाकर कोई जरूरी काम करना है, तो उसे जल्द से जल्द पूरा कर लें। खासतौर पर चेक जमा, नकद लेनदेन, ड्राफ्ट, KYC अपडेट और अन्य शाखा आधारित सेवाओं को लेकर देरी हो सकती है। ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के लिए ग्राहक SBI YONO, इंटरनेट बैंकिंग और ATM सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।