SACHIN TENDULKAR REACHED MAHESHWAR महेश्वर : क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपने परिवार के साथ दो दिवसीय दौरे पर महेश्वर पहुंचे। जहां उन्होंने ऐतिहासिक किले और देवी अहिल्याबाई की राजगादी का भ्रमण किया। इस दौरान सचिन ने महेश्वरी साड़ियों की बारीकियां भी जानी। साथ ही परिवार संग शाम को नर्मदा आरती में शामिल होकर नर्मदा के सौंदर्य का आनंद उठाया।
प्राकृतिक सौंदर्य का उठया लुत्फ
बता दें कि क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर रविवार को अपने परिवार और टीम के साथ महेश्वर पहुंचे और प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठाया। इस दौरान सचिन ने महेश्वर की सांस्कृतिक और हस्तकला विरासत को भी करीब से जना। तो वही सचिन ने महेश्वर के प्राचीन किले और उसके भीतर बसे स्थापत्य स्थलों का भी दीदार किया, साथ ही यहां की विरासत, शिल्प और इतिहास के प्रति गहरी रुचि भी दिखाई। सचिन का यह दौरा एक निजी यात्रा है। जहां वो अपने परिवार संग छुट्टियां मनाने पहुंचे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सचिन तेंदुलकर के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे. एसडीओपी श्वेता शुक्ला, थाना प्रभारी जगदीश गोयल सहित पुलिस बल की टीम लगातार निगरानी में मुस्तैद थी. जानकारी के मुताबिक तेंदुलकर की यह यात्रा पूरी तरह से निजी है. इसलिए उन्होंने किसी मीडिया या सार्वजनिक कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी और अपने परिवार के साथ समय बिताया। हालांकि इस दौरान सचिन ने फैंस के साथ सेल्फी भी ली और महेश्वर की ख़ूबसूरती की जमकर तारीफ की। तो वही सोमवार शाम सचिन अपने परिवार के साथ महेश्वर से रवाना हो गए।