भोपाल : मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार और बाजरा बेचने वाले किसानों के लिए पंजीयन प्रक्रिया आज यानि की मंगलवार से शुरू कर दी गई है। जो की 10 अक्टूबर तक जारी रहेंगे। इतना ही नहीं किसानों को राहत देने के लिए प्रदेशभर में 1100 से अधिक पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं। जहां किसान निशुल्क अपना पंजीयन करा सकेंगे।
पंजीयन के लिए कई विकल्प उपलब्ध
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के अनुसार किसानों को पंजीयन के लिए कई विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और तहसील कार्यालयों में बनाए गए सुविधा केंद्रों के अलावा सहकारी समितियों और सहकारी विपणन संस्थाओं के केंद्रों पर भी पंजीयन कराया जा सकेगा।
इन माध्यमों से किये जा सकेंगे पंजीयन
इसके साथ ही किसान एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और निजी साइबर कैफे के माध्यम से भी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आधार नंबर का सत्यापन जरूरी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि पंजीयन और उपज की बिक्री के लिए आधार नंबर का सत्यापन जरूरी होगा। फसल का भुगतान किसान के आधार से लिंक बैंक खाते में किया जाएगा। यदि किसी कारण से आधार लिंक खाते में भुगतान नहीं हो पाता है, तो पंजीयन के दौरान दिए गए बैंक खाते में भुगतान किया जा सकेगा।