होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

असम-बंगाल में बंपर जीत पर पीएम मोदी का बयान—“लंबी साधना आज सिद्धि में बदल गई”

असम-बंगाल में बंपर जीत पर पीएम मोदी का बयान—“लंबी साधना आज सिद्धि में बदल गई”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने असम और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन को लेकर कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ उत्साह साझा किया। इस मौके पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत और समर्पण के लिए बधाई दी।

कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह दिन पार्टी के लिए ऐतिहासिक और बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत और समर्पण आज सफलता के रूप में सामने आया है, जिसे पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर साफ देखा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए “कमल खिलाने” का काम किया है और नया राजनीतिक इतिहास रचा है।

जनता और राज्यों के प्रति आभार

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन राज्यों की जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भरोसा दिखाया है और लोकतंत्र को मजबूत करने में योगदान दिया है।

लोकतंत्र और विकास पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि यह समय देश के उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा करता है। यह भरोसे का समय है—भारतीय लोकतंत्र पर विश्वास, प्रदर्शन आधारित राजनीति पर भरोसा, स्थिरता के संकल्प पर आस्था और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत करने का अवसर है।

कार्यकर्ताओं के लिए संदेश

प्रधानमंत्री ने कहा कि वे एक कार्यकर्ता के रूप में हर भाजपा कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हैं। उन्होंने सभी छोटे-बड़े कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत ही पार्टी की सफलता की असली ताकत है।

भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा अध्यक्ष पद संभालने के बाद यह पहले विधानसभा चुनाव थे। इन चुनाव में पार्टी के हर कार्यकर्ता को उनका जो मार्गदर्शन मिला, वह मार्गदर्शन इस जीत में बहुमूल्य रहा है।

उपचुनावों में एनडीए की जीत पर पीएम मोदी का बयान

आज विभिन्न उपचुनावों के परिणाम भी अत्यंत उत्साहजनक रहे हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा में हुए उपचुनावों में एनडीए उम्मीदवारों को जनता का आशीर्वाद मिला है। एनडीए की नेता और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी बड़ी जीत दर्ज की है। प्रधानमंत्री ने सभी राज्यों की जनता का आभार व्यक्त किया।

चुनाव आयोग और सुरक्षाबलों को धन्यवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव आयोग, उसके सभी कर्मचारियों और सुरक्षाबलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत के लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने में इन सभी का योगदान ऐतिहासिक रूप से याद रखा जाएगा।

लोकतंत्र और संविधान की जीत पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि जय और पराजय लोकतंत्र का हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि भारत दुनिया को दिखाता है कि वह “मदर ऑफ डेमोक्रेसी” क्यों है। लोकतंत्र केवल व्यवस्था नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और संस्कार है।

उन्होंने कहा कि आज सिर्फ लोकतंत्र ही नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाएं और चुनावी प्रक्रियाएं भी मजबूत होकर उभरी हैं।

रिकॉर्ड मतदान और जनता की भागीदारी

प्रधानमंत्री ने बताया कि पश्चिम बंगाल में लगभग 93% मतदान हुआ, जो ऐतिहासिक है। इसके अलावा असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भी रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया, जिसमें महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।

“गंगोत्री से गंगासागर तक कमल” का संदेश

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार से लेकर बंगाल तक भाजपा और एनडीए की सफलता यह दर्शाती है कि “गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिल रहा है।” उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल में जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है।

 काशी और मां गंगा का उल्लेख

प्रधानमंत्री ने 2013 का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वे काशी गए थे, तब उन्होंने कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। उन्होंने कहा कि आज भी वे महसूस करते हैं कि मां गंगा का आशीर्वाद देश पर बना हुआ है।

असम और पूर्वोत्तर में एनडीए का भरोसा

पीएम मोदी ने कहा कि असम में लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए को जनता का समर्थन मिला है, जो एक हैट्रिक जीत है। उन्होंने ब्रह्मपुत्र और मां कामाख्या के आशीर्वाद का भी उल्लेख किया।

सुशासन और विकास पर जनता का भरोसा

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के 20 से अधिक राज्यों में भाजपा-एनडीए की सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि जनता “नागरिक देवो भव:” के मंत्र पर भरोसा कर रही है, क्योंकि जहां भाजपा है, वहां सुशासन और विकास है।

बंगाल के भविष्य पर बड़ा संदेश

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की जनता ने एक नए अध्याय की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि अब बंगाल में विकास, सुरक्षा और अवसरों का नया युग शुरू होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार रोजगार, सुरक्षा, और योजनाओं के माध्यम से राज्य के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित रहेगी।

शांतिपूर्ण मतदान और बदलाव की अपील

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान हुआ, जो लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि हिंसा छोड़कर विकास और सेवा की राजनीति को आगे बढ़ाएं।
 

उनकी राजनीति जोड़ने की नहीं, तोड़ने की थी:

पीएम मोदी ने कहा आज देश का हर राज्य भी एक-दूसरे से लड़कर नहीं, एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ना चाहता है। इन चुनावों ने इस संदेश को भी बहुत स्पष्ट किया है। बंगाल, तमिलनाडु और केरलम में जिन तीन सरकारों को जनता ने सत्ता से बाहर किया उनकी एक समान पहचान थी, विभाजन की राजनीति। यही उनकी पहचान थी। उनकी राजनीति जोड़ने की नहीं, तोड़ने की थी। कभी भाषा के नाम पर विवाद खड़ा किया गया, कभी खाने-पीने की आदतों को लेकर समाज को बांटने की कोशिशें हुईं, कभी अपने ही देश के लोगों को तक बाहरी कहा गया लेकिन भारत की जनता ने इस राजनीति को साफ जवाब दिया है। देश ने बता दिया है कि उसे विवाद नहीं विकास चाहिए, विभाजन नहीं विश्वास चाहिए।

कांग्रेस आकांक्षाओं की राजनीति जानती ही नहीं:

पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस ने देश के करीब-करीब हर राज्य में सरकारें बनाई हैं। आजादी के आंदोलन का जो भाव था, उसका उन्हें लाभ मिला था, उसमें से उपजा हुआ जनादेश था। जैसे-जैसे आजादी के आंदोलन के भावों से आगे निकलकर देश धरातल के कामों पर लौटा, वैसे-वैसे कांग्रेस, जनता का भरोसा खोती चली गई। बीते दशकों में देश ने युवाओं की अनेक पीढ़ियां जोड़ी हैं लेकिन कांग्रेस घटती ही चली गई। कांग्रेस देश की संस्कृति को नहीं समझ पाई, देश की संवेदनाओं को नहीं समझ पाई। कांग्रेस आकांक्षाओं की राजनीति जानती ही नहीं।


संबंधित समाचार