छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के उड़ीसा सीमा से लगे इलाकों में लगातार भूकंपीय गतिविधियों और खराब मौसम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 36 घंटों में तीसरी बार धरती के कांपने से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। वहीं आकाशीय बिजली गिरने की घटना में एक 13 वर्षीय बालक की मौत ने हालात को और गंभीर बना दिया है।
लगातार तीसरी बार महसूस हुए भूकंप के हल्के झटके
देवभोग क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर लगभग 2:20 बजे हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। इससे पहले बीती रात करीब 7:20 बजे भी धरती कांपी थी। एक दिन पहले दर्ज झटकों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 0.7 रही थी। हालांकि अभी तक किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बार-बार हो रही इस भूगर्भीय हलचल ने लोगों में डर पैदा कर दिया है। कई ग्रामीण एहतियातन घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर समय बिताते नजर आए।
विशेषज्ञों की राय और प्रशासन की अपील
भूवैज्ञानिक विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के हल्के झटके सामान्य भूगर्भीय गतिविधियों का हिस्सा हो सकते हैं। फिलहाल किसी बड़े खतरे की संभावना नहीं है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहते हुए सुरक्षा नियमों का पालन करें।
मुरगुड़ा गांव में आकाशीय बिजली से 13 वर्षीय बालक की मौत
देवभोग थाना क्षेत्र के मुरगुड़ा गांव में एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय क्षीरसागर यादव की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बालक घर के बाहर था, तभी अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ गिरी बिजली उसकी चपेट में आ गई।
परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
खराब मौसम से बढ़ी चिंता, प्रशासन ने दी सावधानी की सलाह
पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में दोपहर के समय मौसम तेजी से बदल रहा है। बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।