नई दिल्ली: अगर आप Ola, Uber या Rapido से कैब बुक करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार ने कैब एग्रीगेटर कंपनियों के ऐप पर यात्रियों को राइड शुरू होने से पहले टिप देने के लिए प्रेरित करने वाले विकल्पों पर सख्ती दिखाई है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने कंपनियों को Motor Vehicle Aggregator Guidelines, 2025 का पालन करने का निर्देश दिया है। नए निर्देश के तहत यात्री को राइड बुक करते समय, ड्राइवर के राइड स्वीकार करने से पहले या यात्रा के दौरान टिप देने का विकल्प नहीं दिया जा सकेगा। टिप का विकल्प केवल यात्रा पूरी होने के बाद उपलब्ध कराया जा सकता है।
बुकिंग के समय नहीं दिखेगा Tip का विकल्प
MoRTH के संज्ञान में आया था कि कुछ कैब एग्रीगेटर ऐप पर बुकिंग के दौरान या राइड स्वीकार होने से पहले टिप से जुड़े विकल्प दिखाई दे रहे थे। इनमें एडवांस टिप, ऐड-ऑन और ऐसे संदेश शामिल थे, जिनसे यात्रियों को यह संकेत मिल सकता था कि अतिरिक्त टिप देने से उनकी राइड जल्दी कन्फर्म हो सकती है। सरकार ने अब इस तरह के फीचर्स को हटाने के निर्देश दिए हैं।
Tip देने से राइड जल्दी नहीं मिलेगी
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऐप पर ऐसा कोई विकल्प या मैसेज नहीं होना चाहिए, जिससे यात्री को लगे कि Tip देने पर ड्राइवर उसकी राइड जल्दी स्वीकार करेगा। टिप को राइड कन्फर्मेशन, ड्राइवर अलॉटमेंट, वेटिंग टाइम या बेहतर सर्विस से जोड़ने वाले किसी भी इंटरफेस को नियमों के अनुरूप नहीं माना जाएगा। यानी अब यात्री को यह विकल्प नहीं दिया जा सकता कि वह ज्यादा टिप देकर अपनी राइड को प्राथमिकता दिला सके।
यात्रा पूरी होने के बाद ही दे सकेंगे Tip
सरकार ने टिप पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई है। यात्री अगर ड्राइवर की सेवा से खुश है तो वह अपनी इच्छा से टिप दे सकता है। लेकिन इसके लिए उसे यात्रा समाप्त होने तक इंतजार करना होगा। राइड खत्म होने के बाद ही ऐप पर टिप देने का विकल्प उपलब्ध कराया जा सकेगा। इसका उद्देश्य टिप को पूरी तरह स्वैच्छिक भुगतान बनाए रखना है।
ड्राइवर को मिलेगी पूरी Tip
नए निर्देश में टिप की रकम को लेकर भी स्पष्टता दी गई है। यात्री द्वारा यात्रा पूरी होने के बाद दी गई टिप की पूरी राशि ड्राइवर को मिलनी चाहिए।एग्रीगेटर कंपनियां टिप की रकम में से किसी तरह की कटौती नहीं कर सकतीं। इससे यह सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है कि यात्री की ओर से ड्राइवर के लिए दिया गया अतिरिक्त भुगतान सीधे ड्राइवर तक पहुंचे।
भ्रामक ऐप फीचर पर भी रोक
MoRTH ने कंपनियों को ऐसे किसी भी इंटरफेस से बचने का निर्देश दिया है जो यात्रियों को भ्रमित करे या उन्हें अप्रत्यक्ष रूप से अतिरिक्त भुगतान के लिए प्रेरित करे। मंत्रालय ने इस व्यवस्था को उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 और संबंधित नियमों के अनुरूप रखने पर जोर दिया है।
यात्रियों पर क्या होगा असर?
इस बदलाव के बाद Ola, Uber और Rapido इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को राइड बुक करते समय टिप को लेकर कोई दबाव महसूस नहीं होगा। बुकिंग के समय Tip नहीं, सफर के बाद अपनी मर्जी से Tip—सरकार के नए निर्देश का सीधा मतलब यही है। अगर यात्री यात्रा के बाद ड्राइवर को टिप देना चाहता है तो वह दे सकता है, लेकिन टिप को राइड पाने या राइड जल्दी कन्फर्म कराने की शर्त की तरह पेश नहीं किया जा सकेगा।