Odisha Coast Ship Sink: ओडिशा के पारादीप तट के पास बंगाल की खाड़ी में एक पनामा-फ्लैग वाला मालवाहक जहाज अचानक समुद्र में डूब गया। जहाज पर सवार चालक दल के 24 सदस्य संकट में फंस गए थे। स्थिति बिगड़ने के बाद सभी क्रू मेंबर्स को लाइफ राफ्ट के जरिए जहाज से बाहर निकलना पड़ा। मामले की जानकारी मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल ने तत्काल सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। चुनौतीपूर्ण समुद्री परिस्थितियों के बावजूद तटरक्षक बल की टीम ने लाइफ राफ्ट में मौजूद सभी 24 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जहाज में तेजी से भरने लगा पानी
पारादीप तट के पास से गुजर रहे कार्गो जहाज में अचानक समुद्री पानी का रिसाव शुरू हुआ। पानी तेजी से जहाज के निचले हिस्से में भरने लगा, जिसके चलते जहाज का संतुलन बिगड़ गया और वह एक तरफ झुकने लगा। हालात नियंत्रण से बाहर होते देख जहाज के कप्तान ने डिस्ट्रेस कॉल जारी कर मदद मांगी। इसके बाद क्रू मेंबर्स ने लाइफ जैकेट पहनी और लाइफ राफ्ट के जरिए खुले समुद्र में सुरक्षित दूरी बनाई।
ICG ने संभाला मोर्चा
आपात संदेश मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक बल ने अपने समुद्री संसाधनों को घटनास्थल की ओर रवाना किया। खराब मौसम, समुद्री लहरों और कम दृश्यता के बीच रेस्क्यू टीम ने लाइफ राफ्ट तक पहुंचकर सभी 24 क्रू सदस्यों को सुरक्षित अपने जहाज पर पहुंचाया। बचाए गए लोगों में चीन, म्यांमार और बांग्लादेश के नागरिक शामिल बताए गए हैं।
सभी 24 क्रू मेंबर्स सुरक्षित
रेस्क्यू के बाद सभी लोगों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई। उन्हें भोजन और पानी भी दिया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक सभी क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं और उनकी हालत स्थिर है। बचाए गए विदेशी नागरिकों को आगे की आवश्यक औपचारिकताओं और स्वास्थ्य संबंधी प्रक्रियाओं के लिए पारादीप बंदरगाह लाया जा रहा है।
जहाज क्यों डूबा? जांच शुरू
समुद्री सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों ने जहाज के डूबने की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर जहाज में पानी भरने और प्रतिकूल समुद्री परिस्थितियों को हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, जहाज के डूबने की सटीक तकनीकी वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।