नेटफ्लिक्स की पहली ओरिजिनल पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' भारत में रिलीज होने से पहले ही विवादों में आ गई है। सीरीज के ट्रेलर के सामने आने के बाद देश में इसका विरोध शुरू हो गया था। फिल्म संगठनों ने जहां इसकी भारतीय रिलीज रोकने की मांग की, वहीं सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भी नेटफ्लिक्स को पाकिस्तानी कंटेंट से जुड़ी सरकारी एडवाइजरी का पालन करने की याद दिलाई। अब खबर सामने आ रही है कि नेटफ्लिक्स ने भारत में इस सीरीज को रिलीज नहीं करने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेटफ्लिक्स के इस कदम के बाद भारतीय दर्शक फिलहाल इस पाकिस्तानी रोमांटिक ड्रामा सीरीज को प्लेटफॉर्म पर नहीं देख पाएंगे। हालांकि, सीरीज का अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 दिसंबर 2026 को होना है।
भारत में नेटफ्लिक्स क्यों नहीं दिखाएगा पाकिस्तानी सीरीज?
मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, 'जो बचे हैं संग समेट लो' को भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। इतना ही नहीं, इस सीरीज को नेटफ्लिक्स की भारत में आने वाली आगामी कंटेंट लिस्ट से भी हटा दिया गया है। बताया जा रहा है कि नेटफ्लिक्स की टीम इस मामले में संबंधित सरकारी अधिकारियों के संपर्क में है। कंपनी ने यह फैसला केंद्र सरकार की ओर से मई 2025 में जारी एडवाइजरी को ध्यान में रखते हुए लिया है। भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनावपूर्ण संबंधों के बीच पाकिस्तानी मनोरंजन कंटेंट को लेकर पहले से ही संवेदनशीलता बनी हुई है। ऐसे में नेटफ्लिक्स का यह कदम काफी अहम माना जा रहा है।
ट्रेलर रिलीज होते ही शुरू हुआ विवाद
इस सीरीज को लेकर विवाद 24 नवंबर को इसके ट्रेलर के सामने आने के बाद शुरू हुआ था। भारत में संभावित स्ट्रीमिंग की खबर मिलते ही कई फिल्म संगठनों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने की मांग की थी। संगठनों का कहना था कि भारत में पाकिस्तानी कलाकारों और उनके कंटेंट को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। विरोध के बाद यह मामला मनोरंजन जगत से निकलकर सरकारी स्तर तक पहुंच गया।
क्या कहती है सरकार की 2025 वाली एडवाइजरी?
पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर विवाद की एक बड़ी वजह केंद्र सरकार की 8 मई 2025 को जारी की गई एडवाइजरी है। पहलगाम आतंकी हमले और भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े सैन्य तनाव के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने यह निर्देश जारी किया था।इस एडवाइजरी में ओटीटी प्लेटफॉर्म, स्ट्रीमिंग सेवाओं और अन्य डिजिटल माध्यमों को पाकिस्तानी मूल की वेब सीरीज, फिल्मों, गानों, पॉडकास्ट और दूसरे कंटेंट की उपलब्धता बंद करने के लिए कहा गया था। अब मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को एक बार फिर इस एडवाइजरी की याद दिलाते हुए इसका पालन करने को कहा है। साथ ही जून 2025 में नेटफ्लिक्स की ओर से सरकार को दिए गए उस आश्वासन का भी उल्लेख किया गया, जिसमें कंपनी ने भारतीय दर्शकों को पाकिस्तानी मूल की फिल्में और सीरीज उपलब्ध नहीं कराने की बात कही थी।
FWICE की चेतावनी से बढ़ा नेटफ्लिक्स पर दबाव
इस पूरे विवाद में फिल्म कर्मचारी संगठनों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। FWICE ने नेटफ्लिक्स को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि प्लेटफॉर्म भारत में पाकिस्तानी सीरीज रिलीज करता है, तो संगठन 5 दिसंबर से देशभर में नेटफ्लिक्स के प्रोजेक्ट्स से अपने सदस्यों को वापस बुला लेगा। संगठन ने सरकार से भी अपील की थी कि पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाए। वहीं, AICWA ने भी सीरीज में पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई थी। संगठन ने कुछ कलाकारों के पुराने बयानों का हवाला देते हुए भारत और भारतीय सशस्त्र बलों के खिलाफ कथित टिप्पणियों का मुद्दा उठाया था।
क्या है 'जो बचे हैं संग समेट लो' की कहानी?
विवादों में घिरी यह सीरीज पाकिस्तानी लेखिका फरहत इश्तियाक के लोकप्रिय उर्दू उपन्यास पर आधारित है। इसे नेटफ्लिक्स की पहली ओरिजिनल पाकिस्तानी सीरीज बताया जा रहा है। रोमांटिक ड्रामा पर आधारित इस कहानी में तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों को दिखाया गया है। सीरीज का निर्देशन और निर्माण मोमिना दुरैद ने किया है। इसमें पाकिस्तान के कई चर्चित कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे, जिनमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, अहद रजा मीर, सनम सईद, इकरा अजीज और हमजा अली अब्बासी शामिल हैं। सीरीज का ग्लोबल प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को निर्धारित है। हालांकि, भारत में इसकी स्ट्रीमिंग नहीं होने की खबर ने पाकिस्तानी मनोरंजन जगत और भारतीय ओटीटी दर्शकों के बीच चर्चा तेज कर दी है।