नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क वापसी (refund) प्रक्रिया शुरू कर दी है। पेपर लीक विवाद के बाद रद्द की गई परीक्षा के चलते यह कदम उठाया गया है। एनटीए ने अपनी आधिकारिक वेबसाइटhttps://neet.nta.nic.in/पर रिफंड के लिए बैंक डिटेल्स अपडेट करने का लिंक सक्रिय कर दिया है।
उम्मीदवार 22 मई से 27 मई 2026 (रात 11:50 बजे तक) तक अपने बैंक खाते की जानकारी ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं। इस दौरान अभ्यर्थियों को अकाउंट होल्डर का नाम, बैंक का नाम, अकाउंट नंबर और IFSC कोड जैसी जरूरी जानकारी भरनी होगी। आवश्यकता पड़ने पर कैंसिल्ड चेक या पासबुक की कॉपी भी अपलोड की जा सकती है, हालांकि यह वैकल्पिक है।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि कई उम्मीदवारों ने फॉर्म साइबर कैफे या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से भरे थे, जिससे रिफंड गलत खातों में जाने की संभावना थी। इस समस्या से बचने के लिए यह विशेष रिफंड पोर्टल लॉन्च किया गया है ताकि पैसा सीधे छात्रों या उनके माता-पिता के खाते में पहुंचे।
कैटेगरी के अनुसार रिफंड राशि भी तय की गई है—सामान्य वर्ग को ₹1,700, ओबीसी/ईडब्ल्यूएस को ₹1,600 और एससी/एसटी/दिव्यांग अभ्यर्थियों को ₹1,000 वापस किए जाएंगे।
साथ ही, एनटीए ने संकेत दिया है कि NEET UG 2026 की री-एग्जाम 21 जून 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को दोबारा फीस नहीं देनी होगी और जून के दूसरे सप्ताह में नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।