Mumbai FDA Action: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सख्त कार्रवाई की है। वर्ली स्थित प्रतिष्ठित नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान क्लब की रसोई में मक्खियां, वॉश बेसिन के पास कॉकरोच और कई जगहों पर गंदगी मिलने के बाद यह कदम उठाया गया। एफडीए की जांच में सामने आया कि क्लब परिसर में खाद्य पदार्थों की साफ-सफाई और सुरक्षित भंडारण से जुड़े नियमों का गंभीरता से पालन नहीं किया जा रहा था। अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य व्यवसायों का लाइसेंस और पंजीकरण) विनियम, 2011 की अनुसूची-4 के तहत निर्धारित स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाया।
नेशनल स्पोर्ट्स क्लब की रसोई में मिलीं कई खामियां
एफडीए की ओर से सोमवार को जारी बयान के मुताबिक, वर्ली स्थित मेसर्स द नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं। जांच अधिकारियों को नालियों पर कॉकरोच से बचाव के लिए जरूरी ट्रैप नहीं मिले। इसके अलावा स्टोर रूम और परिसर के अलग-अलग कोनों में खाद्य अपशिष्ट जमा था। खाना बनाने वाली जगह के आसपास खुले कूड़ेदान रखे हुए थे, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ था। खाद्य सामग्री और कच्चे माल को भी निर्धारित तापमान पर सुरक्षित तरीके से नहीं रखा जा रहा था। कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था में कमियां पाई गईं, जबकि स्टोर रूम में रखे डिब्बों पर जरूरी लेबल भी नहीं लगे थे।
दीवारों से झड़ रही थी पपड़ी, एग्जॉस्ट फैन पर जमी थी धूल
निरीक्षण के दौरान क्लब की रसोई और स्टोरेज एरिया की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। दीवारों और छत से पपड़ी निकल रही थी। फर्श के कुछ हिस्सों में गंदगी जमा थी और एग्जॉस्ट फैन की नियमित सफाई नहीं होने के कारण उस पर धूल जमी हुई थी। इतना ही नहीं, क्लब प्रबंधन खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सफाई का नियमित शेड्यूल, रसोई के उपकरणों की सफाई से संबंधित रिकॉर्ड और कच्चे माल की खरीद के बिल भी उपलब्ध नहीं करा सका।
बिना दस्ताने काम कर रहे थे कर्मचारी
एफडीए की जांच में खाद्य पदार्थों को संभालने वाले कर्मचारियों से जुड़ी लापरवाही भी सामने आई। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ कर्मचारी बिना दस्ताने पहने काम कर रहे थे। वहीं, भोजन तैयार करने वाले कर्मचारियों के टीकाकरण से संबंधित जरूरी व्यवस्था भी पूरी नहीं थी। इसके अलावा क्लब में ग्राहकों की शिकायतों के समाधान के लिए भी उचित व्यवस्था नहीं पाई गई। इन सभी खामियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए एफडीए ने क्लब का फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया।
मुंबई यूनिवर्सिटी की कैंटीन पर 1 लाख रुपये का जुर्माना
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई सिर्फ नेशनल स्पोर्ट्स क्लब तक सीमित नहीं रही। मुंबई के फोर्ट इलाके में स्थित मुंबई यूनिवर्सिटी की एक कैंटीन पर भी नियमों का उल्लंघन पाए जाने के बाद 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कैंटीन के निरीक्षण में फ्रिज के भीतर खाद्य सामग्री अव्यवस्थित तरीके से रखी मिली। इससे खाने के दूषित होने और संक्रमण फैलने की आशंका जताई गई। स्टोरेज एरिया के पास कचरे से भरे खुले डस्टबिन भी पाए गए। इसके साथ ही खाना बनाने वाली जगह पर सफाई से जुड़े सामान रखे हुए थे। कैंटीन के कर्मचारियों ने निर्धारित यूनिफॉर्म नहीं पहनी थी। शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को अलग-अलग रखने के लिए भी पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।
ब्रिटिश ब्रूइंग कंपनी समेत कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
एफडीए ने इससे पहले 21 नवंबर को मेसर्स ब्रिटिश ब्रूइंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के रेस्तरां और बार का खाद्य लाइसेंस भी निलंबित किया था। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मुंबई में होटल, बेकरी और अन्य खाद्य कारोबार से जुड़े कुल 6 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस स्वच्छता संबंधी गंभीर खामियों के चलते सस्पेंड किए गए हैं। वहीं, पुणे डिवीजन में भी खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले 21 प्रतिष्ठानों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई है। एफडीए की इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि खाद्य कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों को रसोई की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों की स्वच्छता और जरूरी दस्तावेजों के रखरखाव से जुड़े नियमों का पालन करना होगा।