होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

किसानों के हितैषी योजनाओं का अध्ययन करने रायपुर पहुंचे महाराष्ट्र विधायक, धान खरीदी व्यवस्था की सराहना

किसानों के हितैषी योजनाओं का अध्ययन करने रायपुर पहुंचे महाराष्ट्र विधायक, धान खरीदी व्यवस्था की सराहना

रायपुर। छत्तीसगढ़ की किसान-केंद्रित योजनाओं और प्रभावी धान खरीदी व्यवस्था का अध्ययन करने महाराष्ट्र के विधायक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री निवास में हुई इस बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में संचालित धान खरीदी प्रणाली, कृषक उन्नति योजना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है, जहां बड़ी आबादी खेती-किसानी पर निर्भर है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को अधिक लाभकारी बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अतिथियों को बस्तर कला से जुड़ा स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।

केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसानों के लिए कर रही हैं काम

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए समन्वित रूप से कार्य कर रही हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने की दिशा में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रही धान खरीदी

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। खरीफ विपणन वर्ष में लगभग 141 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया, जो देश के सबसे बड़े धान खरीदी अभियानों में शामिल है। किसानों की सुविधा के लिए राज्यभर में करीब 2700 धान उपार्जन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को तकनीक आधारित बनाया गया है, जिससे पंजीयन, तौल, परिवहन और भुगतान की व्यवस्था अधिक पारदर्शी और सरल हुई है। किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कृषक उन्नति योजना सहित कई योजनाओं की दी जानकारी

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषक उन्नति योजना समेत किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ-साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और अन्य आयवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।


महाराष्ट्र प्रतिनिधिमंडल ने की छत्तीसगढ़ मॉडल की सराहना

महाराष्ट्र के विधायक प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राज्य से लगे महाराष्ट्र के कई जिलों में बड़ी संख्या में किसान धान की खेती करते हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ की धान खरीदी व्यवस्था, किसानों को मिलने वाला समर्थन और प्रशासनिक प्रबंधन अध्ययन के लिए महत्वपूर्ण है। प्रतिनिधिमंडल ने माना कि किसानों को बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने और खरीदी प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किए गए प्रयास अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि यहां के सफल मॉडल का अध्ययन कर महाराष्ट्र के धान उत्पादक क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की व्यवस्थाएं विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान जरूरी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्यों के बीच सफल योजनाओं और अनुभवों का साझा होना देश के कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है। इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण से राज्यों को एक-दूसरे की सफल नीतियों को समझने और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार अपनाने का अवसर मिलता है। बैठक में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महाराष्ट्र के विधायक डॉ. परिणय फुके, विनोद अग्रवाल, राजू कारेमोरे, संजय पुराम, मार्कफेड अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


 


संबंधित समाचार