कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बड़ी औद्योगिक दुर्घटना की खबर सामने आई है। इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में सोमवार को अचानक केमिकल टैंक फटने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों की जान बाल-बाल बच गई, जबकि टैंक फटने के बाद गर्म लावा और धुआं चारों ओर फैल गया।
टैंक में हुआ तेज धमाका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री में टैंकर के जरिए लिक्विड केमिकल लाकर उसे टैंकों में स्टोर किया जाता है, जिससे कार्बन तैयार किया जाता है। इसी प्रक्रिया के दौरान अचानक एक टैंक में विस्फोट हो गया, जिससे तेज धमाका हुआ और आसपास का इलाका धुएं और गर्म पदार्थ से भर गया। घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी की फायर ब्रिगेड टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई
फायरमैन धर्मेंद्र कुमार पटेल के मुताबिक, टीम ने दो टैंकर पानी और फायर फोम की मदद से स्थिति को नियंत्रित कर लिया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां औद्योगिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और संबंधित विभाग भी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
फैक्ट्री के बाहर किसी प्रकार की सूचना या चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगाया गया है, जिससे यह स्पष्ट नहीं होता कि अंदर किस प्रकार का कार्य किया जा रहा है। यह घटना हाल ही में सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में हुए बड़े हादसे की याद दिलाती है, जहां सुरक्षा में चूक के कारण बड़ा नुकसान हुआ था। अगर इस बार भी समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। प्रशासन से अब इस पूरे मामले की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठने लगी है।