CBSE कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होते ही डोंगरगढ़ क्षेत्र के बेलगांव में जश्न का माहौल बन गया। केंद्रीय विद्यालय डोंगरगढ़ में पढ़ने वाली छात्रा जूही शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय में पहला स्थान हासिल किया है। उनके उत्कृष्ट परिणाम ने न सिर्फ परिवार, बल्कि स्कूल और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जूही शर्मा ने 94.06 प्रतिशत अंक हासिल कर अपने स्कूल में टॉप किया। उनके इस शानदार प्रदर्शन से परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिणाम घोषित होते ही घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
जूही, बेलगांव निवासी पंडित दीपक शर्मा और शिक्षिका हेमलता शर्मा की पुत्री हैं। परिवार में पहले से ही शिक्षा का माहौल होने के कारण जूही ने मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई कर यह सफलता हासिल की।
स्कूल प्रबंधन ने भी छात्रा की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है। केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य एस.आर. खूजुर, कक्षा शिक्षिका श्रीमती चंद्रप्रभा वर्मा सहित सभी शिक्षकों ने जूही को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। जूही की इस उपलब्धि से अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहित होंगे।