जबलपुर : मध्य प्रदेश में सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे है। ताजा मामला जबलपुर का है। जहां तीन मोटरसाइकिलों की आपस में हुई भिड़ंत के चलते एक युवक की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। हादसा पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम मेढ़ी झामर में हुआ। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों और शव को अस्पताल भेज आगे की कार्रवाई शुरू की।
पाटन पुलिस मौके पर पहुंची
जानकारी के अनुसार, पहले एक तेज रफ्तार बाइक ने अन्य बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद पीछे से आ रही दूसरी बाइक भी तेज रफ़्तार में होने के चलते दोनों बाइक से जा टकराई। जिसकी वजह से हादसे में एक की जान चली गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने सभी घायलों को तुरंत पाटन अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
भिड़ंत के बाद खाई में जाकर गिरी कार
दूसरी घटना भिंड की है। जहां कार और बाइक में हुई टक्कर के चलते एक युवक की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। बताया जा रहा है कि कार में सवार होकर कुछ लोग कही से आ रहे थे। इस दौरान कार की भिड़ंत बाइक से हो गई और कार गुलाटे खाते हुए खाई में जा गिरी। जिसकी वजह से हादसे में एक की जान चली गई।
घायलों को ग्वालियर किया गया रेफर
घटना मालनपुर थाना क्षेत्र के हरीराम पुरा की है। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायल और मृतक को अस्पताल भेजवाया। साथ ही केस दर्ज कर मामले में आगे की जांच पड़ताल शुरू की। सभी घायलों को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है।